भाजपा का एक खेमा फिर पहुंचा दिल्ली

धर्मशाला। कांगड़ा भाजपा के एक धड़े के नेताओं ने फिर से दिल्ली दरबार में दस्तक दी है। भाजपा के कई वरिष्ठ व नए पदाधिकारियों ने दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह व हिमाचल प्रभारी बलवीर पुंज से मुलाकात की है।
पुख्ता सूत्र बताते हैं कि इन नेताओं ने कांगड़ा में चल रही पार्टी की गतिविधियों से राष्ट्रीय नेतृत्व को अवगत कराया है। वहीं इस टीम ने लोकसभा चुनावों को लेकर कांगड़ा में बन रही तस्वीर का खाका भी हाईकमान के समक्ष रखा है। हालांकि नेताओं के इस दौरे को गोपनीय रखने का प्रयास किया गया। लेकिन पुख्ता सूत्रों ने खुलासा किया है कि भाजपा नेताओं ने दिल्ली से आकर पालमपुर में रात्रिभोज पर एक अहम बैठक भी की है। टीम शांता के दिल्ली दौरे से दूसरे खेमे में हलचल देखी जा रही है। सूत्रों के मुताबिक राजनाथ सिंह से मुलाकात करने वालों में पूर्व मंत्री व वरिष्ठ भाजपा नेता किशन कपूर, रमेश धवाला, पूर्व कांगड़ा जिला अध्यक्ष रणजीत पठानिया तथा नूरपुर संगठात्मक जिला के महामंत्री रणवीर सिंह निक्का समेत एक अन्य नेता शामिल थे। बताया जा रहा है कि नेताओं ने पालमपुर के ही एक पार्टी नेता को लेकर कई सवाल हाईकमान के सामने रखे हैं। साथ ही हमीरपुर में भी भाजपा की मौजूदा स्थिति पर उच्च कमान से नेताओं ने अपनी बात रखी है। कुल मिलाकर इस बैठक को आगामी लोकसभा चुनावों के मद्देनजर लॉबिंग के रूप में देखा जा रहा है।
गौर हो कि भाजपा में लोकसभा के लिए पूर्व मंत्री किशन कपूर और पूर्व जिलाध्यक्ष रणजीत पठानिया की दावेदारी की चरचा है। जबकि दूसरी ओर धूमल खेमे से त्रिलोक कपूर और घनश्याम शर्मा ने खुले तौर पर दावेदारी पेश कर जनसंपर्क अभियान शुरू कर दिया है।

Related posts