
ऊना: जिला भाजपा ने ऊना जिला मुख्यालय पर वीरभद्र हटाओ, हिमाचल बचाओ मुहिम के तहत प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती के नेतृत्व में जोरदार रोष प्रदर्शन करते हुए वीरभद्र सिंह के त्यागपत्र की मांग उठाई। एमसी पार्क के बाहर एकत्रित कार्यकत्र्ताओं ने सोनिया गांधी, राहुल गांधी व वीरभद्र के विरुद्व तीखी नारेबाजी की जिसके बाद एमसी पार्क से जिलाधीश कार्यालय तक रोष रैली निकाली गई जिसमें भाजपा कार्यकर्ताओं ने वीरभद्र के त्यागपत्र की मांग को लेकर नारे लगाए।
भाजपा नेताओं ने मिनी सचिवालय के बाहर एडीसी दर्शन कालिया के माध्यम से महामहिम राज्यपाल को ज्ञापन भी भेजा है। इस मौके पर प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि भाजपा तब तक चुप नहीं बैठेगी जब तक वीरभद्र सिंह त्यागपत्र नहीं दे देते। भाजपा की चार्जशीट की सीबीआई से जांच करवाई जानी चाहिए।
जिलाध्यक्ष बलवीर बग्गा ने कहा कि भाजपा संगठन भ्रष्टाचार के मुद्दे पर संजीदा है और सीएम को भ्रष्टाचार के मामलों की जांच का सामना करने का साहस दिखाना चाहिए। पूर्व विधायक बलवीर चौधरी ने आरोप लगाया कि जब भाजपा सत्ता में थी उस समय भाजपा के तीनों विधायक मिलकर जिले के विकास की लड़ाई लड़ा करते थे लेकिन वर्तमान में कांग्रेस के जो 3 विधायक हैं इनमें आपस में ही छत्तीस का आंकड़ा है तो ये लोग जिले की लड़ाई कैसे लड़ पाएंगे। भाजपा नेता सुशील कालिया ने कहा कि कांग्रेस की वर्तमान सरकार लोकतंत्र की हत्या करने पर उतारू है और भाजपा समर्थकों पर राजनीतिक द्वेष भावना से केस दर्ज करवाए जा रहे हैं।
प्रदेश भाजपा मीडिया प्रभारी प्रवीण शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को भ्रष्टाचार के मामलों पर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह को भ्रष्टाचार के संगीन मामलों को देखते हुए पद से त्यागपत्र देकर मामलों की जांच करवाने का साहस दिखाना चाहिए। उन्होंने कहा कि वीरभद्र ईमानदार नेता होने का ढिंढोरा पीट रहे हैं लेकिन वीरभद्र सिंह को अपनी ईमानदारी साबित भी करनी चाहिए। यदि भ्रष्टाचार नहीं किया है तो त्यागपत्र देकर जांच का सामना करें।
कुटलैहड़ के विधायक वीरेंद्र कंवर ने कहा कि कांग्रेस के शासन में लगातार बढ़ी महंगाई से जनता त्रस्त हो चुकी है। गैस सिलैंडर जो भाजपा के शासन में जनता को महज 400 रुपए में मिलता था, वही सिलैंडर अब 1225 रुपए में मिल रहा है। सिलैंडर पर सबसिडी बैंक खातों में जमा करवाने का ढिंढोरा तो पीटा जा रहा है लेकिन अधिकांश लोगों के खातों में सबसिडी का पैसा नहीं पहुंच रहा।
रोष प्रदर्शन में जिला भाजपा महामंत्री यशपाल राणा, विजय चौधरी, राज्य युवा मोर्चा के उपाध्यक्ष सुमित शर्मा, सागर दत्त भारद्वाज, रमेश चंद भड़ौलियां, मनोहर लाल, शाम सिंह मिन्हास, मदन लाल सीधर, मास्टर जगमोहन, राममूर्ति, जगजीत मनकोटिया, रामपाल सैनी, ठाकुर मोहिंद्र सिंह, पवन बीटन, चौधरी मक्खन सिंह, साधू राम, शेर सिंह गर्ग, पवन ठाकुर, पवन लंबड़दार, अमृत भारद्वाज, सरदार भाग सिंह, मगन दत्त चड्ढा, ओंकार नाथ नंगनोली, राणी रणौत, सविता शर्मा, उर्मिला चौधरी, ममता कश्यप, बलराम बबलू, लखवीर लक्खी, सुरजीत सैनी, नवीन पुरी, नवदीप कश्यप, बलविंद्र गोल्डी, राजकुमार पठानिया, शिवकुमार सांभर, राजन सहोड़, गगन ओहरी, विनय आंगरा, हरि सिंह ठाकुर, नरेंद्र दूबे, मास्टर तरसेम लाल, नरेश शर्मा, अतुल शर्मा, विकास विक्की, अतुल ठाकुर तथा राजेश कौशल व भूपेंद्र सिंह सहित कई भाजपा कार्यकर्ता रहे ।
