
मुनस्यारी। भाजपा ब्लाक इकाई ने आपदा मुआवजे में बंदरबांट सेत तमाम आरोप लगाते हुए बृहस्पतिवार को प्रदेश सरकार का पुतला फूंक डाला।
भाजपा ब्लाक अध्यक्ष कवींद्र देवली के नेतृत्व में एकत्र भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पर पंचायत चुनाव को ध्यान में रखते हुए आपदा राहत किट बांटने का आरोप लगाया। ब्लाक अध्यक्ष देवली ने कहा कि गुजरात की भाजपा सरकार के सहयोग से आए राहत किट कांग्रेसियों के घरों में पड़े हैं। वास्तविक लोगों तक राहत किट नहीं पहुंचे हैं।
कहा कि 16 जून के बाद से तमाम रास्ते बंद हैं। गोल्फा मोटर मार्ग नहीं खुला है। किसानों का ऋण माफ नहीं किया जा रहा है। आपदा मद की बंदरबांट की जांच और इन मांगों पर कार्यवाही को लेकर दो अक्तूबर से आंदोलन छेड़ दिया जाएगा।
पुतला दहन करने वालों में जिला महामंत्री धन सिंह धामी, प्रदेश कार्य समिति के सदस्य रुद्र सिंह पंडा, ऊषापति द्विवेदी, गोकर्ण सिंह मर्तोलिया, प्रदीप रावत, बसंती जोशी, युवा मोर्चा ब्लाक अध्यक्ष नरेंद्र महर, महिला मोर्चा ब्लाक अध्यक्ष मंजू जोशी, नत्थी राम, नंदन सिंह, हीरा सिंह, भगत सिंह, भगत सिंह बाछमी, किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष प्रयाग सिंह पालीवाल शामिल थे।
