
उत्तरकाशी। भटवाड़ी में भूस्खलन की चपेट में आने से हुई पुलिस कर्मी की मौत से गुस्साए भाजपाइयों ने जिला प्रशासन का पुतला फूंका। उन्होंने पुलिस कर्मी की मौत के लिए प्रशासन को दोषी ठहराते हुए सीएम से कार्रवाई की मांग की है।
सोमवार को बस अड्डे में एकत्र हुए भाजपाइयों ने प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन कर पुतला फूंका। आक्रोशित भाजपाइयों का कहना था कि जिला प्रशासन आपदा राहत कार्यों में लापरवाही बरत रहा है। रविवार को भटवाड़ी में ड्यूटी के दौरान एक पुलिस कर्मी भूस्खलन की चपेट में आ गया था लेकिन समय पर उपचार न मिलने से उसने दम तोड़ दिया। डायरिया व प्रसव पीड़ित महिलाओं की मौत के लिए भी प्रशासन जिम्मेदार है। डीएम के माध्यम से सीएम को ज्ञापन भेजकर दोषी लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। प्रदर्शन करने वालों में जिलाध्यक्ष बैशाखू लाल, महामंत्री जयवीर चौहान, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य बुद्धि सिंह पंवार, बालशेखर नौटियाल, सुरेंद्र चौहान, बलवंत राणा, देवराज राणा, किशोर पंवार शामिल रहे।
