भाजपाइयों का क्रमिक अनशन आज से

काशीपुर। सचिन उर्फ सोनू हत्याकांड का खुलासा करने की मांग को लेकर विधायक हरभजन सिंह चीमा के नेतृत्व में चल रहा धरना बृहस्पतिवार को क्रमिक अनशन में बदल जाएगा। महेशपुरा मोहल्ला निवासी महेंद्र का पुत्र सचिन उर्फ सोनू नगर निगम में दैनिक वेतनभोगी था। एक नवंबर की रात सचिन की गला रेतकर हत्या हो गई थी। उसके पिता में आधा दर्जन के खिलाफ सचिन का अपहरण कर हत्या करने की रिपोर्ट दर्ज कराई। हत्यारे मृतक का हाथ काटकर ले गए थे, वह भी बरामद नहीं हुआ। विधायक चीमा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने 10 नवंबर से कोतवाली में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए धरना शुरू किया। इसके बावजूद पुलिस अब तक हत्याकांड का खुलासा नहीं कर पाई। चीमा ने देर शाम पत्रकार वार्ता में कहा कि चार दिन के धरने के बावजूद पुलिस हत्याकांड खोलने में विफल रही। अब बृहस्पतिवार से चीमा सहित पांच कार्यकर्ता 24 घंटे के लिए क्रमिक अनशन पर बैठेंगे। इस मौके पर राम मेहरोत्रा, खिलेंद्र चौधरी, ईश्वर गुप्ता, गुरविंदर सिंह चंडोक, दीपिका सारस्वत, कुसुम शर्मा, गुरुबख्श सिंह, जसवीर सिंह सैनी, अमित मनचंदा, देवेंद्र सक्सेना, आनंद सक्सेना, नैनसी रत्नाकर आदि मौजूद थे।

Related posts