भाजपाइयों का अनशन तीसरे दिन भी जारी

उदयपुर (लाहौल-स्पीति)। हेलीकॉप्टर उड़ान को लेकर लाहौल-स्पीति भाजपा और भाजयुमो का अनिश्चितकालीन क्रमिक अनशन और भूख हड़ताल तीसरे दिन भी जारी रही। भाजपा लाहौल मंडल के महामंत्री एवं ग्राम पंचायत खंगसर के प्रधान सुंदर लाल ने गौंधला हेलीपैड के लिए ट्रायल न होने को लेकर सरकार और विधायक पर जमकर प्रहार किए। कांग्रेस नेताआें के शब्दों का कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी को इंद्रदेव और अन्य देवी-देवताओं को खुश करने के लिए धार्मिक अनुष्ठान की सलाह देने की बजाय कांग्रेसी अपनी साख को बचाने के लिए अनुष्ठान करें। उन्होंने कहा कि भाजपा का आंदोलन नियमित एवं ट्रायल उड़ानों को लेकर है। ऐसे में इंद्रदेव को खुश करने के लिए धार्मिक अनुष्ठान करने की जरूरत कांग्रेस को है। उन्होंने कहा कि विधायक रवि ठाकुर ने गर्मियों के दिनों गौंधला में आयोजित प्रशासन जनता के द्वार कार्यक्रम में घोषणा की थी कि इस सीजन की पहली उड़ान गौंधला हेलीपैड के लिए बतौर ट्रायल होगी, क्या वे अपनी घोषणा को भूल गए है? अनशन के तीसरे दिन लाहौल के लोट में भाजपा लाहौल मंडल के उपाध्यक्ष प्रीतम भानू, कार्यकर्ता मानदास, शादी लाल, रंजीत और मनोहर लाल बैठे । कुल्लू में राजेश कुमार प्रदेश सदस्य सहयोग प्रकोष्ठ, मंडल सचिव एवं प्रधान ग्राम पंचायत यूरनाथ अमर सिंह और भाजयुमो के मंडल महामंत्री रवि थोलगपा बैठे।

Related posts