
भीमताल/गरमपानी। भवाली-अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग सोमवार को परीक्षण के तौर पर करीब पांच घंटे तक छोटे वाहनों के लिए खोला गया। अल्मोड़ा के जिलाधिकारी अक्षत गुप्ता ने भी जौरासी पहुंचकर वैकल्पिक मार्ग का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। मंगलवार से अगले तीन दिनों तक इस वैकल्पिक मार्ग पर केवल चार घंटे तक ही छोटे वाहनों की आवाजाही हो सकेगी। फिलहाल बड़े वाहन तीन दिन तक और वाया रानीखेत ही अल्मोड़ा रवाना होंगे।
बता दें कि पिछले दिनों हुई अतिवृष्टि के चलते जौरासी के पास कोसी नदी के कटाव के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग क्षतिग्रस्त हो गया था, जिससे एनएच में वाहनों की आवाजाही ठप हो गई थी। बाद में राष्ट्रीय राजमार्ग अधिकारियों ने निरीक्षण कर पहाड़ी को काटकर वैकल्पिक मार्ग बनाना शुरू किया था, जो अब लगभग बनकर तैयार हो चुका है। सोमवार सुबह एनएच के अधिकारियों ने परीक्षण के लिए करीब 9:45 बजे वैकल्पिक मार्ग से छोटे वाहनों की आवाजाही शुरू कराई जो कि दोपहर बाद तीन बजे तक जारी रही। इस दौरान अल्मोड़ा के डीएम अक्षत गुप्ता ने क्षेत्र का निरीक्षण कर एनएच के अधिकारियों को काम में तेजी लाने के निर्देश दिए।
एनएच के सहायक अभियंता प्रेम प्रकाश ने बताया कि वैकल्पिक मार्ग में फिलहाल मंगलवार से बृहस्पतिवार तक सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक वाहनों की आवाजाही होगी। शुक्रवार से मार्ग बड़े वाहनों के लिए भी मार्ग खोल दिया जाएगा। फिलहाल इन तीन दिनों तक बड़े वाहन वाया रानीखेत अल्मोड़ा रवाना होंगे। इस दौरान एसडीएम एनएस नबियाल, चंद्रशेखर कांडपाल आदि थे।
