भवनों को तोड़ 26 दुकानों में घुसा मलबा

पैठाणी। राठ क्षेत्र के कनाकोट गांव के समीप बादल फटने से पैठाणी बाजार में तबाही मच गई। बादल फटने के बाद कनाकोट गांव से तेजी से बहकर आया मलबा पैठाणी बाजार में कई भवनों को तोड़ते हुए दुकानों में जा घुसा, जिससे व्यापारियों और लोगों को एक करोड़ का नुकसान हुआ। बाजार में दो आटा चक्की और एक गैर आवासीय भवन क्षतिग्रस्त हो गया। आधा दर्जन भवन आंशिक क्षतिग्रस्त हुए। 26 दुकानों का लाखों सामान क्षतिग्रस्त हो गया।
रविवार की मध्य रात्रि एक बजे पैठाणी बाजार से एक किमी ऊपर स्थित कनाकोट गांव में बादल फट गया। बादल फटते ही पानी कनाकोट गांव के कई खेतों को बहाते हुए पैठाणी बाजार में खंड गांव गदेरे में आ गया। मलबा और पानी तेजी से गदेरे के समीप रह रहे दयाल सिंह, मोहन सिंह, कृपाल सिंह, प्रेम सिंह और बीरबल सिंह के भवन समेत छह से अधिक घरों में घुस गया। कई परिवारों के कपडे़ बर्तन समेत सारा सामान नष्ट हो गया है। साथ ही राम सिंह का गैरआवासीय भवन, जगदीश और सुरेंद्र की चक्की क्षतिग्रस्त हो गई। इसके अलावा उत्तरांचल ग्रामीण बैंक में भी मलबा भर गया और कर वाहन जमीन में धंस गए। मौके पर पहुंचे थलीसैण के एसडीएम जीएल बिनवाल ने बताया कि इस घटना में करीब एक करोड़ का नुकसान हुआ है। मलबे की चपेट में आने से 35 बकरियां, चार बैल, 7 गाय और 4 भैंसों की भी मौत हो गई है। बारिश दोबारा हुई तो प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट कर दिया जाएगा।

इनकी दुकानों को हुआ नुकसान
– देव सिंह, सुमन नेगी, धन सिंह गुर्साइं, जसवंत, पूरण सिंह नेगी, खुशपाल भंडारी, राजेंद्र सिंह, आनंद मणि, नरेंद्र सिंह नेगी, सुरेंद्र सिंह, राम सिंह, सुभद्रा देवी, दलवीर सिंह, साजिद, दलबीर लाल, दाता राम नौडियाल, आशा देवी, सते सिंह, चंद्र प्रकाश, राम सिंह, यशवंत सिंह, मनवर सिंह, कैलाश बड़थ्वाल और देवेंद्र भडंारी।

आपदा की भेंट चढ़ी जीवन भर की कमाई
पैठाणी निवासी दयाल सिंह की जीवन भर की कमाई आपदा की भेंट चढ़ गई। बादल फटने से पैठाणी बाजार में खंड गांव के गदेरे में स्थित उनके मकान में मलबा भर गया जिससे राशन कपड़े समेत सारा सामान मलबे में दब गया। दयाल सिंह ने बताया रविवार की रात डेढ़ बजे बरसात बढ़ने पर बच्चे ऊपर के मकान में शिफ्ट कर दिए थे। जैसे ही वे घर में रखे अन्य सामान को ले जाने लगे तेजी के साथ काफी पानी आया और घर मलबे से पट गया। चंद्र प्रकाश ने बताया कि इस घटना में उनकी बूचड़ की दुकान, बकरियां, मुर्गी और घर रखा सामान बह गया है। फिलहाल उन्होंने अपना परिवार दूसरे के घर में ठहराया हुआ है।
आधा घंटे में तबाह हो गया खंड बाजार
पैठाणी पुल पार करते हुए पहले पड़ने वाला खंड बाजार रविवार की रात को आधा घंटे में तबाह हो गया। कनाकोट गांव के समीप बादल फटने से आए मलबे और पानी ने आधे घंटे में इस बाजार की तस्वीर बिगाड़ दी। पैठाणी निवासी शेर सिंह, प्रेम सिंह, जगत सिंह आदि ने बताया कि रविवार की रात एक बजे हम क्रि केट देख रहे थे। इसी दौरान जोरदार आवाज हुई। कुछ ही पलों में खंड के गदेरे से कई टन मलबा और पानी नीचे आ पहुंचा और कई मकानों ने चपेट में ले लिया। सब जान बचाने को भागने लगे। लोगों ने एक-एक कर सभी घरों में जाकर उन्हें बाहर निकाला। पूरी रात बाहर ही गुजारी। कई वाहन मलबे में डूबे हुए हैं और सभी दुकानों में मलबा भरा हुआ है।

चुठाणी में भी हुआ है काफी नुकसान
क्षेत्रवासियों के अनुसार पैठाणी से काफी ऊपर पड़ने वाले चुठाणी गांव में बादल फटने से काफी नुकसान हुआ है। एक प्राइमरी स्कूल का भवन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है और गांव के दर्जनों खेत बह गए।
स्कूल में की व्यवस्था
आपदा से प्रभावित छह परिवारों को रहने के लिए प्रशासन ने पैठाणी के प्राथमिक विद्यालय के भवन में व्यवस्था की है। राजस्व निरीक्षक एसएस नेगी ने बताया कि आपदा के कारण सुदामा लाल, कलम सिंह, बहादुर सिंह, पान सिह, दिव्यावती देवी, उमेदी देवी समेत छह लोगों परिवारों के आवास खतरे की जद में हैं। इनके ठहरने के लिए प्राइमरी स्कूल के भवन में व्यवस्था की गई है। आपदा में तीन भवनों को भारी, 10 को आंशिक क्षति होने के अलावा बाजार के 42 व्यवसायिक प्रतिष्ठानों में मलबा भरने से नुकसान हुआ है। बरसात से चुठाणी, नलई, मलुंड गांव में नुकसान हुआ है। राठ महाविद्यालय पैठाणी के दोनों रास्तों ऊपर से मलवा आने से क्षतिग्रस्त हुए है। क्षेत्र के अन्य संपर्क भी क्षतिग्रस्त हुए हैं।

तो इसलिए हुए ज्यादा नुकसान
खंड गांव के गदेरे में सड़क के ऊपर कई भवन गदेरे में बनने से गदेरे के पानी बहने के लिए जगह नहीं है। गदेरे में पानी बहने की जगह होती तो इतना नुकसान नहीं होता।

Related posts