भला कम, भ्रमित ज्यादा कर रहा रेडक्रास

शिमला। इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज में जरूरतमंद मरीजों के लिए खोला गया रेडक्रास भला कम और भ्रमित ज्यादा कर रहा है। मरीज यहां पहुंचता तो मदद की उम्मीद से है पर सामने आफिस में ताला लटकता देखकर दुखी होता है। रेडक्रास कार्यालय जरूरतमंद व गरीब मरीजों के लिए खोला गया था। यहां तीन कर्मचारियों को नियुक्त किया गया। लेकिन थोड़े समय बाद दो कर्मचारी यहां से चले गए। अब सिर्फ एक कर्मचारी के सिर पर इसे जैसे तैसे चलाया जा रहा है। लेकिन अफसोस कि जब यह कर्मचारी छुट्टी पर जाती हैं तो आफिस पर ताला लग जाता है। उधर, इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज के एमएस रमेश चंद ने बताया कि रेडक्रास में एक ही लड़की है, जो आजकल छुट्टी पर है, जिस कारण यहां ताला लगा हुआ है। उन्होंने कहा कि अगर कोई जरूरतमंद मरीज रेडक्रास पहुंचता है, तो आकर हमसे मदद मांग सकता है।

Related posts