
बिलासपुर। प्रारंभिक शिक्षा विभाग द्वारा टीजीटी पदों की भरती प्रक्रिया बंद करने पर टेट उत्तीर्ण प्रशिक्षु भड़क उठे हैं। प्रशिक्षुओं का कहना है कि यदि इस तरह ही भरती प्रक्रिया पर रोक लगती रही तो कभी भी यह प्रक्रिया पूरी नहीं होगी। इसके चलते विभाग को जल्द ही भरती प्रक्रिया शुरू करनी चाहिए।
शुक्रवार को टेट उत्तीर्ण प्रशिक्षुओं ने उपायुक्त डा. अजय शर्मा से मुलाकात की। उपायुक्त के माध्यम से मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को ज्ञापन भेजा। ज्ञापन के माध्यम से मांग की है कि टीजीटी पदों को भरने के लिए जल्द ही भरती प्रक्रिया शुरू की जाए। टेट उत्तीर्ण प्रशिक्षु राम रत्न, नितिन कुमार, नवीन कुमार डोगरा, अमित कुमार, रीना सांबियाल, विक्रम चंदेल, प्रवीण कुमार, सुभाष चंद, मुकेश कुमार, राजीव कुमार, संतोष कुमारी, पूजा धीमान, अवतार सिंह, अंजना ठाकुर, रीता शर्मा, पंकज शर्मा ने कहा कि पूर्व सरकार के कार्यकाल में टेट परीक्षा को आधार मानकर बैचवाइज भर्तियां की जा चुकी हैं। जोकि वर्ष 2012 में चुनावों से पहले की गई है। यदि इस तरह ही भरती प्रक्रिया पर रोक लगती रही तो यह प्रक्रिया कैसे पूरी होगी। उन्होंने कहा कि टेट उत्तीर्ण प्रशिक्षु लंबे समय से नौकरी की आस लगाए बैठे थे। इन पदों की भरती प्रक्रिया पर रोक लग गई। इससे सभी प्रशिक्षु काफी आहत हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से मांग की है कि भरती प्रक्रिया पर लगी रोक को जल्द हटाया जाए। ताकि टेट उत्तीर्ण प्रशिक्षुओं को रोजगार मिल सके।
