भरमौर-पांगी विस क्षेत्र से कांग्रेस की रिकार्ड बढ़त

भरमौर (चंबा)। मंडी संसदीय क्षेत्र के तहत आने वाले भरमौर-पांगी विधानसभा क्षेत्र से पहली बार कांग्रेस ने रिकार्ड मतों से जीत दर्ज की है। मतदान के दौरान पड़े कुल 37 हजार 183 मतों में से कांग्रेस को यहां से 26 हजार 216 वोट मिले। इसके अलावा भाजपा के खाते में मात्र 10 हजार 99 वोट ही पड़े जबकि दो अन्य प्रत्याशियों को 868 वोटों से ही संतोष करना पड़ा। इस प्रकार कांग्रेस प्रत्याशी को भरमौर-पांगी विस क्षेत्र से 16 हजार 117 मतों से जीत मिली है। मंडी उपचुनावों में शुरू से ही कांग्रेस की रिकार्ड जीत के कयास लगाए जा रहे थे, लेकिन जीत का अंतर इतना ज्यादा होगा, इसकी किसी को उम्मीद नहीं थी। मंडी उपचुनावों में भरमौर-पांगी विस क्षेत्र मेें 57 फीसदी ही मतदान हुआ था। इसके बावजूद कांग्रेस ने भारी मतों से जीत दर्ज की है। इस विस क्षेत्र के कुल 137 पोलिंग बूथों में भाजपा को मात्र चार पोलिंग बूथों से ही लीड मिली। इसके अलावा 133 पोलिंग बूथ से कांग्रेस के पक्ष में ही सबसे ज्यादा वोट पड़े हैं। उपचुनाव के दौरान भाजपा के कई बड़े गढ़ भी कांग्रेस ने हिला दिए हैं। होली क्षेत्र के पोलिंग बूथ कियूंर में कुल 30 वोट पड़े थे। इसमें सभी वोट कांग्रेस को ही मिले हैं। इसके अलावा किसी अन्य प्रत्याशी को इस बूथ से एक भी मत नहीं मिला।

Related posts