भरमौर-पांगी में स्कूल 22 तक बंद

चंबा । भरमौर और पांगी में सरकारी स्कूलों में खराब मौसम और बर्फ के कारण बच्चों को स्कूल पहुंचने में हो रही परेशानी को देखते हुए फिर से छुट्टियां दे दी गई हैं। अगले कुछ दिन तक मौसम की हालत को देखते हुए शिक्षा विभाग ने इन स्कूलों में 15 से 22 फरवरी तक बोर्ड की कक्षाओं को छोड़ बाकी कक्षाएं बंद रखने के निर्देश जारी किए हैं। अब ये स्कूल 23 फरवरी को खुलेंगे। वहीं विभाग ने निर्देश दिए हैं कि ये छुट्टियां केवल नॉन बोर्ड कक्षाओं के बच्चों के लिए ही रहेंगी। बोर्ड वाली क्लासों के बच्चों को स्कूल में आकर पढ़ाई करनी होगी। साथ ही अध्यापक और अन्य स्टाफ को छुट्टियां नहीं होंगी। उपायुक्त संदीप कदम ने इस संबंध में शिक्षा विभाग को आदेश जारी किए हैं।
मौजूदा समय में भरमौर और पांगी क्षेत्र बर्फ से ढके हुए हैं। इसके कारण बच्चों को स्कूल पहुंचने में परेशानी पेश आ रही है। स्कूलों में इक्का-दुक्का बच्चे ही पढ़ाई करने पहुंच रहे हैं। समस्या को देखते हुए स्कूलों में छुट्टियां कर दी गई हैं। वहीं इस संबंध में शिक्षा विभाग के ओएसडी विकास महाजन ने बताया कि 15 से 22 तक सरकारी स्कूलों में बोर्ड की कक्षाओं को छोड़ बाकी कक्षाओं के बच्चों को छुट्टियां रहेंगी। 23 फरवरी से स्कूल खुलेंगे। इस बारे में स्कूलों के मुखियों को जानकारी दे दी गई है।

Related posts