भट्टा स्वामी के घर में घुसे बदमाश

सितारगंज/नानकमत्ता। भट्टा स्वामी के आवास में लूट करने की नीयत से घुसे बदमाशों ने चौकीदार द्वारा शोर मचाने पर चौकीदार पर धारधार हथियार से हमला कर घायल कर दिया। शोर सुनकर परिजनों के जाग जाने से बदमाश फरार हो गये। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने क्षेत्र में कांबिंग अभियान चलाया। परंतु लुटेरे हत्थे नहीं चढ़े। भट्टा स्वामी के पुत्र ने जेल में बंद एक युवक के खिलाफ नामजद तहरीर देकर अपने ऊपर हमले की आशंका जताई है। पुलिस ने हमलावरों के खिलाफ मुकद्दमा पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है।
पचपेड़ा स्थित भट्टा स्वामी रामकुमार गुप्ता के आवास पर रात्रि डेढ़ बजे अज्ञात लुटेरे घुस आये। लुटेरों की भनक लगने पर चौकीदारी में तैनात बिडौरी निवासी जरनैल सिंह पुत्र गोपाल सिंह ने लुटेरों को ललकारते हुए शोर मचा दिया। एक लुटेरे ने जरनैल पर धारधार हथियार से हमला कर दिया। गले में धारधार हथियार लगने से जरनैल गंभीर रूप से घायल हो गया। भट्टा स्वामी के पुत्र वैभव गुप्ता उर्फ लवी ने पुलिस को सितारगंज निवासी उमेश कुमार सैनी उर्फ गुड्डू पुत्र गोकुल प्रसाद जो कि वर्तमान में हल्द्वानी जेल में बंद है पर अपने ऊपर जानलेवा हमला कराने के षड़यंत्र रचने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर सौंपी हैं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आईपीसी की धारा 307, 379, 511 के तहत मुकद्दमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी हैं।

Related posts