
चुवाड़ी (चंबा)। भटियात विधान सभा क्षेत्र के वार्ड-13 टुंडी के उपचुनाव के लिए राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई है। छह अक्तूबर को होने वाले मतदान को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। हर कोई इस मौके को भुनाने की फिराक में राजनीतिक गोटियां फिट करने में लगा हुआ है। इस मौके को भुनाने के लिए प्रदेश के दो मुख्य राजनीतिक दलों भाजपा और कांग्रेस से संबंधित प्रत्याशियों के अलावा क्षेत्र के कई युवा भी जिला परिषद के माध्यम से राजनीति को चमकाना चाहते हैं। नेताओं की इस नर्सरी में क्षेत्र के कई नेता इस प्रदेश की राजनीति यानी विधान सभा में पहुंचने का माध्यम मान रहे हैं। वही, जिले के दो जिला परिषद वार्डों भटियात और तीसा से जिला परिषद से प्रदेश विधान सभा का रास्ता तय करने वाले विक्रम जरियाल और हंस राज को विधान सभा पहुंचते देख कई लोगों में जिला परिषद का चुनाव लड़ने का क्रेज बढ़ता जा रहा है। अभी टुंडी-13 वार्ड से कांग्रेस और भाजपा समर्थित प्रत्याशियों में तिलक राज और सतपाल सिंह के अलावा बिमला देवी ने नामांकन भरा है। इसके अलावा इस सीट के लिए अभी और तीन नामांकन भरे जाने के कयास लगाए जा रहे हैं। जिला परिषद टुंडी-13 वार्ड की 15 पंचायतों के कुल 16 हजार 250 मतदाता हैं। इसमें 8 हजार 439 के करीब पुरुष मतदाता और 7 हजार 811 महिला मतदाता हैं, जो जिला परिषद के भाग्य का फैसला करेंगे। जिला परिषद के चुनाव में जीतने के लिए 15 पंचायतों में जनाधार की आवश्यकता को माना जा रहा है। इसमें जिला परिषद के प्रत्याशियों को बिन्ना, धंरू , जंद्रोग, कथेट, मनहुता, मौरठू, परछोड़, परसियारा, रायपुर, साड़ल, समोट, सुरपड़ा, टुंडी, तुरकड़ा व खनोड़ा सहित 15 पंचायतों में जनाधार तलाशना पड़ेगा।
