भज्जी को भी आया गुस्सा

धर्मशाला। एचपीसीए स्टेडियम धर्मशाला में आईपीएल सीजन-6 के मैच खेलने के बाद मुंबई व पंजाब टीम के खिलाड़ी धर्मशाला से विदा हो गए। पंजाब के प्लेयर सुबह साढ़े ग्यारह बजे एयर इंडिया की नियमित फ्लाइट से वापस रवाना हुए। वहीं मुंबई इंडियंस के खिलाड़ी दोपहर एक बजे गगल एयरपोर्ट से चार्टर विमान में लौटे। वापसी के दौरान गगल एयरपोर्ट पर तैनात सुरक्षा कर्मी व मुंबई इंडियंस के खिलाड़ी हरभजन सिंह के बीच थोड़ा सा मनमुटाव हो गया। इसके चलते भज्जी ने सुरक्षा कर्मी को धक्के तक लगा दिए।
जानकारी के अनुसार प्रशंसकों की धक्कामुक्की के बीच भज्जी को भी धक्का लग गया। ऐसे में गुस्से में हरभजन ने पुलिस कर्मी को ही धक्का दे दिया। हालांकि भज्जी अपने गुस्से पर काबू पाते हुए वहां से आगे बढ़ गए। इस घटना के बाद एयरपोर्ट पर थोड़ी देर के लिए सन्नाटा पसर गया।

क्रिकेट प्रेमियों ने दी खिलाड़ियों को विदाई
मुंबई व पंजाब टीम की वापसी के दौरान क्रिकेट प्रेमियों ने धर्मशाला से गगल तक जगह-जगह एकत्र होकर खिलाड़ियों को विदाई दी। धर्मशाला से एयरपोर्ट तक खिलाड़ियों के प्रशंसकों का खूब जमावड़ा रहा। प्रशंसकों ने हाथ हिलाकर खिलाड़ियों का अभिवादन किया।

सचिन ने बनाए रखी दूरी
धर्मशाला में होटल से बाहर निकलने व गगल एयरपोर्ट पर पहुंचने के दौरान सचिन तेंदुलकर ने अपने प्रशंसकों से दूरी बनाए रखी। सचिन ने अपने किसी भी प्रशंसक को आटोग्राफ नहीं दिए, न ही फोटो खिंचवाए। इसके चलते उनके प्रशंसकों में भारी रोष दिखा।

पंजाब के प्लेयरों ने दिए आटोग्राफ
धर्मशाला से विदाई के दौरान पंजाब के प्लेयरों ने अपने प्रशंसकों को दिल खोलकर ऑटोग्राफ दिए। वहीं पंजाबी खिलाड़ियों ने प्रशंसकों केसाथ फोटो भी खिंचवाए। लेकिन मुंबई के प्लेयरों ने प्रशंसकों से दूरी बनाए रखी।

Related posts