भगवान भरोसे हजारों बाढ़ पीड़ित

लक्सर। बाढ़ प्रभावित 18 गांवों के लोगों को प्रशासन की तरफ से कोई मदद नहीं मिल रही है। हजारों की आबादी भगवान भरोसे जी रही है। पीड़ितों को राशन और चारा उपलब्ध कराने के विधायक चैंपियन के निर्देशों के बाद भी ग्रामीणों की सुध नहीं ली गई।
गंगा खादर के 18 गांव बाढ़ की चपेट में हैं। कई गांवों में चार फीट तक पानी भरा हुआ है। ऐसे में ग्रामीणों को खुद के लिए राशन और जानवरों के चारे की व्यवस्था करना मुश्किल हो रहा है। गन्ने और चारे की फसल बाढ़ से खत्म हो चुकी है। लेकिन प्रशासन को ग्रामीणों की कोई चिंता नहीं है। बुधवार और बृहस्पतिवार को खानपुर के विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन ने बाढ़ग्रस्त गांवों का भ्रमण करने के बाद प्रशासन को निर्देश दिए थे कि प्रभावितों को राशन के साथ पशुओं के लिए चारा उपलब्ध कराया जाए। लेकिन शुक्रवार को भी प्रशासन की तरफ से कोई राहत सामग्री प्रभावितों तक नहीं पहुंचाई। प्रशासन की तरफ से राहत नहीं मिलने से ग्रामीणों को परेशानी उठानी पड़ रही है। सबसे बड़ा संकट चारे का खड़ा हो रहा है।
मुझे जानकारी मिली है कि बाढ़ पीड़ितों को पहले एक महीने का राशन उपलब्ध कराया गया था, कुछ संगठन भी राहत सामग्री उपलब्ध करा रहे हैं। पशुओं के चारे की व्यवस्था कराई जा रही है, एक-दो दिन में हो जाएगी।
– उत्तम सिंह चौहान, एसडीएम लक्सर

पंडितपुरी के कई ग्रामीणों ने छोड़े घर
लक्सर। बाढ़ प्रभावित गांवों से ग्रामीणों का पलायन जारी है। अब तक अलग-अलग गांवों से सौ से ज्यादा परिवार अपना घर छोड़ चुके हैं। शुक्रवार को भी पंडितपुरी के कई परिवार अपने जानवरों के साथ सुरक्षित स्थानों के लिए निकल गए। ग्रामीणों का कहना था कि वह अपने रिश्तेदारी दुर्गागढ़ रहने जा रहे हैं।

न्यायिक अधिकारियों की देखरेख में बंटी राहत
लक्सर। निरंकारी मिशन के सेवादारों ने शेरपुरबेला में राहत सामग्री का वितरण किया। न्यायिक अधिकारियों की देखरेख में यह वितरण किया गया। शेरपुरबेला के करीब ढाई सौ परिवार खानपुर ब्लॉक परिसर में रह रहे हैं। निरंकारी मिशन की तरफ से सुरेश कन्नोजिया, पदम सिंह, विपिन तयागी, नरेंद्र सिंह, उदयपाल ने ग्रामीणों को चावल, दाल, आटा, दूध के पैकेट, चाय और चीनी आदि सामग्री बांटी। यह सामग्री लक्सर के अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी डॉ. शेषचंद्र और सिविल जज जूनियर डिवीजन रवि प्रकाश शुक्ला और शासकीय अधिवक्ता अनिल कुमार की देखरेख में वितरित की गई। इस दौरान निरंकारी मिशन के जिला संयोजक सुरेश चावला, बीर सिंह, टीएस सिसोदिया आदि मौजूद रहे।

Related posts