
हल्द्वानी। बिजली सुधरी तो पानी ने लोगों की मुसीबत कर दी है। शहर के कई इलाकों में 20-20 दिन से पानी का संकट बना हुआ है। छड़ायल के भंडारी फार्म के लोगों को 15 दिन से नियमित पानी नहीं मिल रहा है, इससे गुस्साई महिलाओं ने सोमवार को जलसंस्थान कार्यालय पर हल्ला बोल दिया। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने सहायक अभियंता जीडी पंत के सामने अपनी खार निकाली और चेतावनी दी कि जल्द पेयजल सप्लाई सुचारु नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।
पहले तो गर्मी की शुरुआत के साथ पानी का संकट होता था अब गर्मी जाते-जाते भी यह बीमारी पीछा नहीं छोड़ रही है। इसके अलावा ट्यूबवेलों की फुंकी हुई मोटरों ने अलग सुखाड़ मचा रखा है। इससे गुस्साई भंडारी फार्म की महिलाओं ने सोमवार को जलसंस्थान के जीडी पंत को घेर लिया। महिलाओं का कहना था कि कई बार शिकायत के बावजूद कर्मचारी ध्यान नहीं दे रहे। पंत ने प्रदर्शनकारियों को बताया कि दिक्कत जलसंस्थान की तरफ से नहीं है। इसके बाद महिलाएं पेयजल निगम गई। श्री पंत ने बताया कि भंडारी फार्म को जा रही पेयजल लाइन स्वैप से जोड़ने से पानी का संकट हुआ है। मंगलवार को जलसंस्थान और जलनिगम मौके पर जाकर रायशुमारी करेंगे। यदि स्थानीय लोग स्वैप की लाइन से नहीं जुड़ना चाहते तो इसे अलग कर दिया जाएगा।
