भंजराडू स्कूल में स्टाफ की कमी

तीसा चंबा। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भंजराडू में स्टाफ की कमी चल रही है। इस कारण स्कूल में शिक्षा ग्रहण कर रहे 600 के करीब छात्र-छात्राओं का भविष्य अधर में लटक गया है। स्कूल में मौजूदा समय में नौ के करीब पद खाली चल रहे हैं। इसमें इतिहास के प्रवक्ता के दो पद, हिंदी के लेक्चरर का एक, टीजीडी नॉन मेडिकल का एक , दो पद भाषा अधिकारी के खाली पड़े हैं। इसके अलावा स्कूल में लैब अटेंडेंट, सुपरिंटेंडेंट व क्लर्क भी नहीं है। यह पद पिछले लगभग एक साल से खाली चल रहे हैं। इस कारण स्कूली बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। अभिभावक बेंसू राम, चतर सिंह, मोहम्मद रफी, बालक राम, निधिया राम, उदारा राम, प्यार चंद, लेख राज, चेत सिंह, उमेदा राम, लोभी राम, बबलू, खेम राज, साक मोहम्मद और धर्म सिंह ने बताया कि स्कूल में स्टाफ की कमी होने के कारण बच्चों की पढ़ाई पर बुरा असर पड़ रहा है। उन्हाेंने शिक्षा विभाग व प्रदेश सरकार से मांग की है कि स्कूल में रिक्त पड़े शिक्षकों व गैर शिक्षकों के पदों को जल्द भरा जाए। इससे स्कूल में शिक्षा ग्रहण कर रहे बच्चों को सुविधा मिलेगी। इस बारे में स्कूल के प्रधानाचार्य भाग सिंह ने बताया कि स्कूल में चल रही स्टाफ की कमी के बारे में उच्चाधिकारियों को अवगत करवा दिया गया है। जल्द स्टाफ की तैनाती हो जाएगी।

Related posts