
तीसा (चंबा)। उपमंडल तीसा के भंजराडू-सनवाल और चांजू-देहरा मार्ग यातायात के लिए बहाल नहीं हो पाया है। मार्गों पर बर्फ जमी होने के कारण मंगलवार को तीसरे दिन भी भी यातायात व्यवस्था ठप पड़ी रही।
सड़कें बंद होने से हजारों की आबादी को आवाजाही करने में दिक्कतें पेश आ रही हैं। इन दो मार्गों पर वाहनों की आवाजाही ठप रहने से सनवाल, मंगली, देवीकोठी, बैरागढ़, चांजू, देहरा क्षेत्र के लोगों को मुश्किलें पेश आ रही है। लोगों को जरूरी कार्य के लिए जिला या तहसील मुख्यालय जाने के लिए पैदल सफर करना पड़ रहा है। क्षेत्र में हुई बर्फबारी के कारण बंद पड़े मार्गों को बहाल करने में लोक निर्माण विभाग जुटा है। लेकिन काम में तेजी नहीं दिख रही है। मार्गों को बहाल करने में विभागीय कर्मचारियों के पसीने छूट रहे हैं। मार्गों पर जमी बर्फ के कारण फिसलन बढ़ गई है। इससे छोटे वाहनों को मार्ग पर ले जाना खतरे से खाली नहीं है। स्थानीय ग्रामीणों देसराज, भिंदरो राम, चमन सिंह, मोहम्मद युसुफ, नूरदीन, चैन लाल, जितेंद्र ने बताया कि मार्ग बंद होने से बीमार लोगों को अस्पताल तक ले जाने में भी दिक्कतें आ रही हैं। उन्होंने लोक निर्माण विभाग से जल्द मार्गों को बहाल करने की मांग की है।
उधर, लोक निर्माण विभाग के एसडीओ सौरभ चौधरी ने बताया कि मार्ग पर काफी बर्फ जमी है। इस कारण मार्ग को बहाल करने में दिक्कतें हो रही है। मार्गों को जल्द बहाल कर दिया जाएगा।
