ब्लैक स्पॉट्स को सुधारे एनएच

पांवटा साहिब (सिरमौर)। देहरादून-पांवटा एनएच-72 मार्ग पर करीब एक दर्जन से अधिक ब्लैक स्पॉट्स हैं। इन खतरनाक स्थलों पर हर वर्ष जानलेवा हादसे होते रहे हैं। पांवटा रोड सेफ्टी क्लब ने इन जानलेवा स्पॉट्स के सुधार की मांग उठाई है। देहरादून-पांवटा कालाअंब मार्ग पर करीब एक दर्जन ब्लैक स्पॉट्स हैं। इनमें क्रोंदेवाला, सूरजपुर पुल का तीखा मोड़, मोगीनंद, कोलर, भेहड़ेवाला, माजरा चौक, बाता चौक, रेनबैक्सी चौक, भूपपुर, बद्रीपुर चौक, वाई प्वाइंट, बांगरन चौक और मोगीनंद बाईपास स्थल शामिल हैं। इन स्थलों पर हादसे रोकने को उपाय करने की मांग विभिन्न स्थानीय स्वयंसेवी संस्थाएं और रोड सेफ्टी क्लब उठाते रहे हैं।
एनएच-72 पर वाई प्वाइंट और बद्रीपुर चौक की हालत कुछ सुधारी गई है। बद्रीपुर चौक पर सिगनल लाइट्स लगाई गई। हालांकि, यह प्रयोग ज्यादा सफल नहीं हो पाया। वाई प्वाइंट पर चौराहे की हालत जरूर थोड़ी सुधारी है। सड़क से सटे पेड़ काटे गए हैं। रोड सेफ्टी क्लब के अध्यक्ष भजन चौधरी, सिरमौर निजी बस संघ के अध्यक्ष मामराज शर्मा, एनएल परवाल, सुनील चौधरी और अखिल शर्मा ने कहा कि एनएच-72 पर जानलेवा ब्लैक स्पॉट चिन्हित किए गए हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को पांवटा रोड सेफ्टी क्लब इस बारे में अवगत करवाएगा। उन्होंने कहा कि शहरी भीड़भाड़ वाली सड़क बाता पुल से यमुना पुल तक डिवाइडर सिस्टम हो। इससे सड़क हादसों के ग्राफ में कुछ कमी लाई जा सकेगी।

योजना विचाराधीन है : वर्मा
एनएचएआई के सहायक अभियंता एनके वर्मा ने कहा कि ब्लैक स्पॉट्स के बारे में योजना विभाग को मंजूरी के लिए भेजी जाएगी। विभाग से मंजूरी मिलने पर ही बजट का प्रावधान होगा। इससे इन स्थलों को चौड़ा करने व डिवाइडर लगाने का कार्य हो सकेगा।

Related posts