
घाट (चमोली)। प्रभारी मंत्री प्रीतम सिंह पंवार ने आपदाग्रस्त घाट क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर आपदा प्रभावितों की समस्याएं सुनी। उन्होंने बताया कि ब्लाक के 50 आपदा ग्रस्त गांव चिह्नित किए गए हैं। इन गांवों में पेयजल, विद्युत, सड़क और पैदल मार्गों की स्थिति को सुधारने पर जोर दिया जाएगा। कहा कि ग्रामीणों को कृषि भूमि की क्षति का भी उचित मुआवजा दिया जाएगा। उन्होंने जिलाधिकारी को निर्देश दिए कि प्रशासन आपदाग्रस्त गांवों में आपदा राहत पर पैनी नजर रखे।
प्रभारी मंत्री ने घाट मुख्य बाजार में जमीदोज हुए भवनों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि जो भी प्रभावित परिवार किराए के भवनों पर रह रहे हैं, उन्हें प्रतिमाह 3000 रुपये के हिसाब से किराए का भुगतान किया जाएगा। उन्होंने जिला पंचायत, लोनिवि, निर्माणदायी संस्था को त्वरित पैदल व लिंक मार्गों को खोलने के निर्देश दिए। मंत्री ने कांडा गांव के छह आपदा प्रभावितों को राहत के चेक दिए। जिलाधिकारी एसए मुरुगेशन ने कहा कि राहत के कार्यों में पूरी पारदर्शिता बरती जा रही है। इस मौके पर घनश्याम मैंदुली, श्याम सिंह रावत, अवतार भंडारी, सुरेंद्र सिंह नेगी, पंकज सयाना, त्रिभुवन फरस्वाण, विक्रम सिंह आदि मौजूद थे।
