ब्रौनी खड्ड में पुलिस कर्मी तैनात हों

रामपुर बुशहर। रामपुर के साथ लगती ब्रौनी खड्ड में एनएच-22 दिन-प्रतिदिन क्षतिग्रस्त हो रहा है। खड्ड के दोनों ओर भूस्खलन होने से एनएच कभी भी पूरी तरह धंसने की कगार पर है। इसके चलते किन्नौर जिला सहित रामपुर खंड की दस पंचायतों से सड़क संपर्क टूट सकता है। ब्रौनी खड्ड में एनएच धंसने से बने खतरे के निरीक्षण के लिए शुक्रवार को सीपीएस ने खड्ड के पास हो रहे भूस्खलन का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने लोक निर्माण और वन विभाग के अधिकारियों को आदेश दिए कि वे भूस्खलन के कारण हो रहे सड़क को ठीक करने और सड़कों के आसपास ब्रौनी खड्ड के पानी को चैनेलाइज करने के लिए आदेश दिए। इसके लिए ब्रौनी खड्ड में क्रेटवॉल लगाने और पानी के बहाव को पूर्व की भांति बहने देने के निर्देश दिए। साथ ही दुघर्टना से बचाव के लिए और भूस्खलन से प्रभावित क्षेत्र के दोनाें ओर पुलिस कर्मचारियों को तैनात करने के निर्देश दिए, जोकि यातायात को वन वे करने में वाहन चालकों की सहायता करेंगे। ब्रौनी खड्ड में हो रहे भूस्खलन की चपेट में कभी कोई वाहन आने से बड़ी दुर्घटना हो सकती है। इसके बावजूद वाहनों को मजबूरन इस सड़क से होकर गुजरना पड़ता है। रोजाना सैकड़ों वाहन जान जोखिम में डालकर यहां से गुजर रहे हैं, लेकिन प्रशासन और एनएच प्राधिकरण अभी तक इस समस्या का समाधान तलाश नहीं पाया है। इस मौके पर उपमंडलाधिकारी दिलीप नेगी, डीएसपी रामपुर सोम दत्त, परिवहन निगम के कार्य निरीक्षक ज्ञान सिंह कंवर, अड्डा प्रभारी प्रेम के अलावा अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे।

Related posts