
कंडवाल (कांगड़ा)। पुलिस थाना नूरपुर के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग 154 पर एक गाड़ी के अनियंत्रित होकर पलटने से 8 लोग घायल हो गए। घायलों में ज्यादातर लोग उत्तर प्रदेश के बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार शनिवार रात बलविंद्र निवासी गांव छत्तर तहसील नूरपुर आम के फलों से भरी हुई जीप को बजीरा से नागावाड़ी गांव की ओर लेकर जा रहा था। जब गाड़ी बौड़ क्षेत्र में पहुंची तो गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। इस गाड़ी में चालक समेत 9 लोग सवार थे। जबकि इस हादसे में आठ लोगों को चोटें आई हैं। घायलों को इलाज के लिए 108 एंबुलेंस की मदद से नूरपुर के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया तथा घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया। जीप हादसे में महिंद्र, काला, सुनील, राहुल, चिंटू, अर्जुन, अंकित घायल हो गए। सभी घायल मूलत: उत्तरप्रदेश के बताए जा रहे हैं। पुलिस ने घटना की सूचना मिलते ही स्थिति का जायजा लिया तथा जीप चालक के खिलाफ धारा 279, 337 के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। डीएसपी राजीव अत्री ने मामले की पुष्टि की है।
