बौंद्रा मंदिर लूट के मुख्य आरोपी नहीं चढ़े हाथ

रोहड़ू। बौंद्रा मंदिर बछुंछ में लूट और हत्या का मुख्य सरगना तक एक महीने बाद भी पुलिस के हाथ नहीं लगा है। अब मुख्य आरोपियों की तलाश करना पुलिस के लिए परेशानी बना हुआ है। आरोपियों के तार अंतरराष्ट्रीय गिरोह से जुड़े होने की संभावना है। मुख्य सरगना की गिरफ्तारी से क्षेत्र के अन्य मंदिरों में हुई चोरी की घटनाओं के कई राज खुल सकते हैं।
देवता बौंद्रा मंदिर में लूट और चौकीदार की हत्या में शामिल तीन आरोपी जेल पहुंच चुके हैं, लेकिन दो मुख्य आरोपी अभी तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। मुख्य आरोपियों ने मंदिर को लूटने के लिए गिरफ्तार तीन नेपाली मजदूरों को अपनी गैंग में शामिल किया था। दोनों मुख्य सरगना नेपाली मूल के हैं। पुलिस को सुराग मिला है कि दोनों के बड़े शहरों में संपर्क हैं। पुलिस को कुछ दिन पहले उनकी लोकेशन का सुराग भी मिला था, लेकिन अब दोनों पुलिस की पहुंच से दूर हैं।
देवता बौंद्र के मंदिर में 22 जुलाई की रात चोरों ने चौकीदार की हत्या के बाद मूर्तियां, सोना, चांदी और कुछ अमूल्य रत्न भी उड़ाए थे। पुलिस ने तीन आरोपियों को दिल्ली पुलिस की मदद से पकड़ा है। घटना के बाद दो मुख्य सरगना फरार हैं। डीएसपी रोहड़ू राजकुमार चंदेल ने बताया कि आरोपियों की तलाश जारी है। उन्होंने कहा कि आरोपियों का अभी तक कोई सुराग नहीं लगा है। सुराग मिलने पर उनको गिरफ्तार किया जाएगा।

Related posts