
रोहड़ू। बछुंछ गांव के देवता बौंद्रा नौ अगस्त से क्षेत्र के दौरे पर निकलेंगे। देवता की मूर्तियां मिलने पर मंदिर परिसर में जश्न का माहौल है।
वीरवार शाम न्यायालय से आदेश मिलने पर देवता की बरामद मूर्तियां पुलिस ने मंदिर कमेटी को सौंप दी हैं। इन मूर्तियों के साथ सैकड़ों लोगों का काफिला रोहड़ू से बछुछ गांव के मंदिर के लिए रवाना हुआ। एसपी शिमला अभिषेक दुल्लर और एटीएस दिल्ली की टीम के जवान भी मंदिर तक मूर्तियों के साथ गए। मंदिर परिसर में पहुंचते ही क्षेत्र के लोगों ने एसपी शिमला और एटीएस की टीम को अपने कंधों पर उठा लिया। ग्रामीण बार-बार लुटेरों को गिरफ्तार करने वाले एसपी अभिषेक दुल्लर तथा एटीएस के जवानों की झलक पाने के लिए उत्सुक नजर आ रहे थे। वीरवार रात को मंदिर में पूजा के बाद देवताओं की मूर्तियों को स्थापित कर दिया गया है। तीन जुलाई से मंदिर में महामृत्युंजय जाप शुरू हो रहा है। मंदिर कमेटी ने तय किया है कि क्षेत्र में नौ अगस्त से होने वाले वार्षिक मेलों के लिए दोबारा देवता दौरे पर निकलेंगे। शुक्रवार को भी सुबह से शाम तक सैकड़ों लोगों ने मंदिर में पहुंच कर देवता बौंद्रा के दर्शन किए।
