
भीमताल। सालम तोक से सटी पहाड़ी से शनिवार सुबह भूस्खलन के साथ भीमकाय बोल्डरों की बारिश हुई। भीमताल-रानीबाग रोड में बोहराकून के पास गिरे इन बोल्डरों से सड़क धंस गई। अलबत्ता भूस्खलन के समय कोई वाहन नहीं गुजरने से हादसा टल गया मगर सड़क के ठीक नीचे बसे एससी बाहुल तोक हरिनगर के लिए खतरा पैदा हो गया है।
भीमताल-रानीबाग रोड में सुबह करीब साढ़े सात बजे भूस्खलन के बाद घंटे भर से अधिक समय तक रुक-रुक कर बोल्डर गिरते रहे। इस दौरान सड़क में वाहनों की कतार लग गई। साढ़े आठ बजे बोल्डरों का गिरना बंद हुआ तो वाहन चालकों ने जोखिम लेकर किसी तरह गाड़ियां निकालनी शुरू की। पिकअप बोल्डर की चपेट में आने से बाल-बाल बची। भूस्खलन की जानकारी स्थानीय लोगों ने लोनिवि के अधिकारियों को दी तो विभाग ने सड़क पर गिरे पत्थरों को हटाने के लिए मजदूरों को मौके पर भेजा लेकिन मजदूर बोल्डरों हिला तक नहीं पाए। करीब नौ बजे जेसीबी से बोल्डर हटाए गए।
सलड़ी ग्रामसभा के हरिनगर तोक में रहने वाले करीब एक दर्जन परिवार भूस्खलन से डरे हैं। सुबह बोल्डर सड़क से नीचे गिरे लेकिन बीच में अटक गए। ग्रामीणों ने सुरक्षा की मांग की है।
