
पिथौरागढ़/धारचूला/नाचनी,

1 of 6
टनकपुर हाईवे पर गिरे बोल्डर
उत्तराखंड में सोमवार को कैलाश मानसरोवर यात्रा मार्ग दोबाट, ऐलागाड़ समेत कई स्थानों में मलबा गिरने और सड़क क्षतिग्रस्त होने से बंद रहा। कैलाश यात्रा पर जा रहे 14वें दल के 58 यात्री चार घंटे तक जाम में फंसे रहे। उधर, थल-मुनस्यारी सड़क डोर के पास बोल्डर गिरने से तीन स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गई। पिथौरागढ़-धारचूला सड़क कनालीछीना के पास गुड़ौली में मलबा आने से सुबह एक घंटे तक बंद रही।

टनकपुर हाईवे पर गिरे बोल्डर
बता दें कि प्रदेश के सात जिलों में अगले 36 घंटों के दौरान भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने राजधानी दून समेत सात जिलों में भारी बारिश की आशंका को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम केंद्र की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार राजधानी देहरादून, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, पिथौरागढ़, नैनीताल और पौड़ी में भारी से बहुत भारी होने का अनुमान है। प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी अच्छी बारिश हो सकती है। मौसम केंद्र निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि अगले एक सप्ताह तक लगातार बारिश का क्रम बना रह सकता है। इस दौरान बीच में कुछ दौर की तेज बारिश भी हो सकती है।
