
सोमेश्वर। द्वाराहाट से सरोही गरुड़ को आ रही बोलेरो कार संख्या यूके 02 टीए 0227 और विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक संख्या यूके 04-सीए-3637 में जबरदस्त भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में पांच लोग घायल हो गए। गंभीर घायल दो लोगों को अल्मोड़ा रिफर कर दिया है।
सोमवार सुबह सरोई गरुड़ गांव से द्वाराहाट बारात गई। शाम को बारात लौटते समय चनौदा में ट्रक के साथ भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में नौघर गरुड़ निवासी नरेंद्र कुमार (30) पुत्र कैलाश चंद्र, कौसानी निवासी दिनेश सिंह (30) पुत्र स्व. मोहन सिंह, चितई निवासी आनंद प्रकाश 50, बागेश्वर की प्रेमा देवी (37) पत्नी शिव राम, पार्वती देवी (40) पत्नी आनंद प्रकाश, आनंद प्रकाश (50) पुत्र परी राम घायल हो गए। इनमें से तीन का इलाज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सोमेश्वर तथा दो लोगों को अल्मोड़ा रिफर कर दिया गया है।
मोमबत्तियां जलाकर हो रहा था रोगियों का उपचार
सोमेश्वर। क्षेत्र का एकमात्र सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तमाम अव्यवस्थाओं से जूझ रहा है। ब्लाक प्रमुख दुर्गा कैड़ा ने बताया कि यहां पिछले दो माह से बत्ती गुल है। सोमवार की सुबह चनौदा के पास बोलेरो दुर्घटना के घायलों को यहां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। बिजली नहीं होने से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में रोगियों का उपचार मोमबत्तियों जलाकर चल रहा है। दुर्गा कैड़ा सहित तमाम लोगों ने सरकार पर ग्रामीण क्षेत्रों की उपेक्षा का आरोप लगाया। कहा कि एकमात्र अस्पताल में रोगियों के लिए कोई भी सुविधाएं नहीं हैं। मोमबत्तियों से इलाज के मामले में क्षेत्रवासियों में भारी आक्रोश है।
