बोर्ड में किया मीटर कटवाने को आवेदन

काजा (लाहौल स्पीति)। घाटी में बिजली की अनियमित आपूर्ति को लेकर लोगों में रोष बढ़ता जा रहा है। बुधवार को भी इस मुद्दे को लेकर भारी संख्या में लोग काजा मुख्यालय पहुंचे और बिजली बोर्ड के पास अपने घरों में लगे मीटरों को काटने के लिए आवेदन किया। काजा पहुंचे लोगों ने घाटी में बिजली की आपूर्ति बहाल न होने तक बोर्ड के खिलाफ आंदोलन को चलाए रखने के लिए 14 सदस्यीय कमेटी का गठन भी किया। इसमें टीएसी सदस्य, ग्राम पंचायत, महिला मंडल और व्यापार मंडल के प्रधान समेत अन्य गांवों से आए नंबरदार शामिल किए गए हैं। अपना रोष जाहिर करते हुए लोगों ने कहा कि यहां साल में तीन से चार महीने विभिन्न कारणों से बिजली बंद रहती है। बावजूद इसके बिजली बोर्ड के अधिकारी आज तक समस्या का समाधान नहीं कर पाए हैं और न ही इससे निपटने को कोई उपाय खोजा है। इसका खामियाजा स्पीति वैली के सैकड़ों लोगों को भुगताना पड़ रहा है। काजा पंचायत के प्रधान पदमा दोरजे ने कहा कि सुबह-शाम तीन-तीन घंटे बिजली की आपूर्ति की मांग विद्युत बोर्ड से की थी, लेकिन अधिकारियों ने इस पर असमर्थता जताई। मंगलवार को पूरे काजा में रात दस बजे बिजली आपूर्ति की गई। टीएसी सदस्य सोहन सिंह ने जुलाई 2012 को रोंगटोंग पावर हाउस की नवीनीकरण के लिए एक पार्टी को दिए गए टेंडर में बीस महीने का समय देने पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि क्या एक छोटे से पावर हाउस की मशीनों को ठीक करने में इतना समय लगता है? उन्होंने इसमें धांधली का अंदेशा जताया है। व्यापार मंडल के प्रधान राजेश कुमार ने कहा कि जब तक पावर हाउस को ठीक कर 24 घंटे सप्लाई शुरू नहीं की गई और इनमें नई मशीनें नहीं लगाई गईं तब तक विरोध जारी रहेगा। विद्युत बोर्ड के एसडीएम संजय नेगी ने कहा कि लोग अपना मीटर कटवाने के लिए कार्यालय में आवेदन देने आए थे।

Related posts