
नालागढ़ (सोलन)। बोधगया में हुए सीरियल ब्लास्ट के बाद बीबीएन पुलिस भी अलर्ट हो गई है। एसपी अरुल कुमार ने बीबीएन के होटल, सराय और बस अड्डों पर पैनी नजर रखने के आदेश जारी कर दिए हैं। इसके साथ ही रात्रि को गश्त भी और तेज करने को कहा गया है।
नालागढ़ में आयोजित क्राइम बैठक में एसपी ने सभी थाना व चौकी प्रभारियों को निर्देश दिए कि कहीं पर कोई संदिग्ध व्यक्ति नजर आता है तो उससे पूछताछ करें। होटलों में छापामारी करें तथा वहां पर कोई संदिग्ध पाया जाता है तो उस पर तुरंत कार्रवाई अमल में लाए। बीबीएन प्रदेश की सीमा पर लगा होने से संदिग्ध लोग हिमाचल में प्रवेश करने के लिए यहां पर सबसे सुरक्षित रास्ता मानते हैं। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों से लंबित मामलों की छानबीन करने को कहा गया जिससे अपराधियों को पकड़ा जा सके। बीबीएन क्षेत्र में यातायात को रेगुलेट करने के लिए ट्रिपल राइडिंग, बिना हेलमेट, नशा करके और तेज रफ्तारी में वाहन चलाने वालों के चालान करें, जिससे यहां पर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि अवैध खनन पर विशेष नजर रखे। सीमा के साथ होने के कारण बीबीएन से रेत, बजरी व पत्थर पड़ोसी राज्य में आसानी से पहुंच जाता है। अब अगर रात के समय अवैध व वैध जो भी वाहन मिलता है उसे तुरंत रोक दें। अगर जरूरत पड़े तो संबंधित लोगों के खिलाफ आपराधिक मामले भी दर्ज करें। बैठक में डीएसपी नरेंद्र कुमार, सुशील कुमार, वीर बहादुर सिंह, थाना प्रभारी क्षमादत्त, चमन लाल, शिव कुमार, सिक्योरिटी इंचार्ज अमृत कुमार और एचडी श्याम बरोटा ने भाग लिया।
