बैहना में खरीदकर पानी पी रहे हैं लोग

मंडी।(ओमप्रकाश)गर्मियों की दस्तक से पहले ही बल्हघाटी की उठाऊ पेयजल योजना टिक्कर – बैहना – घोड़ीधार हांफ गई है। इससे क्षेत्र की दो पंचायतों बैहना और भड़याल के हजारों लोगों को करीब एक सप्ताह से पानी नहीं मिल रहा। इस पेयजल योजना के हांफने से बैहना और भड़याल पंचायत के रोपा, टिक्कर, रठोआ, बैहना-2 और छछोल आदि गांवों में पानी की किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। पानी न आने से विभागीय नलके भी शोपीस बने हुए हैं। लोगों को पानी खरीदकर गुजारा करना पड़ रहा है।
लोगों का कहना है कि अभी तो गर्मियों का मौसम भी शुरू नहीं हुआ है और पेयजल की समस्या का सामना इस कद्र करना पड़ रहा है। वहीं विभाग का कहना है कि उठाऊ पेयजल योजना टिक्कर-बैहना-घोड़ीधार में पेयजल योजना की मोटर सात दिन से जली हुई है। इसके ठीक न होने से यह समस्या विकराल होती जा रही है। लोगों का कहना है कि जब से यह पेयजल योजना बनी है तभी से समस्या लगातार चली आ रही है। उन्हें हर बार पेयजल की किल्लत का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीण गोपिंद्र सिंह, सुनील कुमार, अशोक कुमार, घनश्याम ठाकुर, श्याम लाल ठाकुर, राकेश कुमार और मनीष कुमार ने सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग से मांग की है कि इस समस्या का जल्द समाधान किया जाए अन्यथा ग्रामीण खाली बर्तन लेकर विभागीय अधिकारियों का घेराव करने से भी गुरेज नहीं करेंगे। सहायक अभियंता सत्या शर्मा ने कहा कि पेयजल योजना की मशीनरी में खराबी आने से समस्या आई थी। मशीनरी को ठीक किया जा रहा है। विभाग की कोशिश है कि रविवार से पानी की सप्लाई ठीक कर दी जाएगी।

Related posts