
भगेड़ (बिलासपुर)। ग्राम पंचायत बैहनाजट्टां के सनेड़ गांव में पिछले कई दिनों से पानी की किल्लत चल रही है। प्रचंड गर्मी में लोगों को पेयजल संकट से जूझना पड़ रहा है। गांव में लगे नल बीते कई दिनों से सूखे पड़े हैं। हैंडपंप ने भी जवाब दे दिया है। लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा। लोग पानी के लिए दद-दर भटकने को विवश हैं। पिछले साल गांव में लगाए गए एक हैंडपंप से पानी नहीं आ रहा।
प्रचंड गरमी के इस मौसम में लोगों को पानी के लिए जमकर पसीना बहाना पड़ रहा है। बुधवार को पंचायत प्रधान राजकुमार की अगुवाई में ग्रामीणों के एक प्रतिनिधिमंडल ने इस सिलसिले में आईपीएच के अधिशासी अभियंता से मुलाकात कर समस्या के बारे में अवगत करवाया। लोगों ने विभाग से पेयजल संकट से निजात दिलाने की मांग की है। ग्रामीण मनसा राम, विक्रमा धीमान, कुलदीप, संजय कुमार, सुनी देवी, सोमा देवी, माया देवी, सुनीता सेनी, ओम प्रकाश, राम सिंह, गुलाब सिंह, ज्ञान चंद, वार्ड सदस्य सुनीता, भगत सिंह, अंजु और डिंपल ने बताया कि पिछले करीब एक महीने से यह सिलसिला चल रहा है। अब तो पानी की बूंद तक नहीं आ रही। हैंडपंप में भी पानी नहीं मिल रहा। जिस वह से ग्रामीणों को पानी के लिए दर-दर की ठोकरें खानी पड़ रही है। उन्होंने आईपीएच से पेयजल संकट से निजात दिलाने के लिए समय रहते कारगर कदम उठाने की मांग की। उधर, अधिशासी अभियंता वीके ठाकुर ने कहा कि नया हैंडपंप लगाकर समस्या का समाधान कर दिया जाएगा। सहायक अभियंता को सनेड़ गांव में हैंडपंप लगाने के लिए उचित स्थान चयनित करने को कहा गया है।
