बैली में कार गिरने से चालक की मौत

बनीखेत (चंबा)। चंबा-पठानकोट मुख्य मार्ग पर बैली के समीप एक सेंट्रो कार दुर्घटनाग्रस्त होकर 400 मीटर गहरी खाई में गिर गई। इससे कार चालक की मौत हो गई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार तिलक राज पुत्र निक्का राम गांव बैली शुक्रवार देर शाम कार (नंबर एचपी 31-8100) लेकर बनीखेत से अपने गांव बैली को जा रहा था। बैली के समीप कार अचानक दुर्घटनाग्रस्त हो गई और गहरी खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही एएसआई मदन लाल की अगुवाई में पुलिस टीम ने मौके पर जाकर कार चालक के शव को अपने कब्जे में लिया और डलहौजी अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। तिलक राज लोक निर्माण विभाग में कार्यरत था। हादसा शुक्रवार देर रात का बताया जा रहा है। काफी अंधेरा होने के कारण पुलिस कर्मियों को शव को मुख्य मार्ग तक लाने में कड़ी मशक्कत का सामना करना पड़ा। उधर, एसपी जगतराम ने बताया कि पुलिस ने आईपीसी की धारा 279, 304 ए के तहत चालक पर लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Related posts