
रुद्रपुर। जिलाधिकारी बृजेश कुमार संत ने उद्यमियों की मांग पर बैरियर लगाकर की जा रही वसूली पर तत्काल रोक लगाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जिला पंचायत अपर मुख्य अधिकारी केएस पयाल को निर्देशित किया है कि राजमार्ग पर जिला पंचायत किसी भी तरह की वसूली न करे।
गुरुवार को जिलाधिकारी संत ने कलक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय उद्योग मित्र की बैठक ली। इस दौरान उद्यमियोने राष्ट्रीय राजमार्गों पर बैरियर लगाकर की जा रही वसूली की शिकायत की। इसके अलावा उद्यमियों ने कहा कि सिडकुल में स्थापित उद्योगों के लिए लगाए गए वाहन कर्मचारियों को अंदर उतारने के बजाए आम यात्री की तरह मुख्य मार्ग पर ही उतार देते हैं, इससे कर्मचारियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इस पर डीएम ने एआरटीओ को शीघ्र ऐसे वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही लोनिवि, विद्युत, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को भी उद्यमियों की समस्या का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने को कहा। केजीसीसीआई पूर्व अध्यक्ष दरबारा सिंह ने सिडकुल की क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, पार्किंग व्यवस्था, ईएसआई अस्पताल का निर्माण, विभिन्न सेक्टरों में पीने के पानी की व्यवस्था, स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त करने की मांग उठाई। इधर डीएम संत ने इस दौरान आपदा को देखते हुए उद्यमियों से आगे आने का आह्वान किया। जिला उद्योग केंद्र महाप्रबंधक बीआर आर्या ने बताया कि उद्यमियों की मांग पर काशीपुर सिडकुल में 17 जून को डाकघर की स्थापना कर दी गई है। इस मौके पर आरएम सिडकुल जीपी दुर्गापाल, प्रबंधक उद्योग वाईसी पांडे, केजीसीसीआई उपाध्यक्ष अशोक बंसल, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के डीके जोशी, लोनिवि ईई डीपी सिंह, हरविंदर सिंह, रमेश मिडढा, कुलभूषण वासन, संदीप पांडे, राजेश गौतम, आनंद सिंह, सुनील पंत सहित तमाम विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
