
तीसा (चंबा)। निर्मल भारत अभियान के तहत डीआरडीए चंबा की एक टीम ने बैरागढ़ पंचायत में स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम प्रस्तुत किया। युवा किसान विकास मंच टिकरी के कला जत्थे ने विकास खंड तीसा की ग्राम पंचायत बैरागढ़ के गांव मजोगा व बैरागढ़ में लोगों को निर्मल भारत अभियान के बारे में बताया। इस दौरान ग्राम पंचायत बैरागढ़ के प्रधान नारायण सिंह, उप प्रधान गुरदित्या शर्मा विशेष रूप से मौजूद रहे। कलाकारों ने स्वच्छता जागरूकता से संबंधित समूहगान, चुराही कविताएं व नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किए और इसी के माध्यम से लोगों को स्वच्छता जागरूकता का संदेश दिया। कलाकारों ने लोगों को साफ-सफाई के महत्व व शौचालय निर्माण की बात नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को बताई। टिकरी कला जत्था के संयोजक राजेंद्र कुमार, मंच संचालक खेमराज, गायक सतीश कल्याण, महेंद्र गुप्ता, राजेश कुमार, खेप सिंह, कृष्णकांत, लेख राज, बीना तमंग व नीशू शर्मा ने इस मौके पर प्रस्तुति दी। इस अवसर पर करीब सौ लोग उपस्थित थे। शुक्रवार को तीसा की देवीकोठी पंचायत में भी स्वच्छता का संदेश दिया जाएगा।
