
रोहडू़। बैडमिंटन एसोसिएशन जुब्बल के तत्वावधान में आयोजित खेल प्रतियोगिता संपन्न हो गई है। प्रतियोगिता के समापन समारोह में पंचायत समिति सदस्य लोकेंद्र शर्मा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत कर विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। प्रतियोगिता में करीब 150 खिलाड़ियों ने भाग लिया।
बैडमिंटन प्रतियोगिता के अंडर-10 लड़कियों के वर्ग में ग्लोरी पब्लिक स्कूल रोहडू की कोंपल ने प्रथम तथा तान्या ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। अंडर-10 लड़कों के वर्ग में ग्लोरी पब्लिक स्कूल के अभय ने प्रथम तथा समक्ष ने द्वितीय स्थान हासिल किया।
अंडर-13 लड़कियों के वर्ग में ग्लोरी पब्लिक स्कूल की दिव्या ने पहला तथा एफबी पब्लिक स्कूल जुब्बल की दिव्या तनवर ने दूसरा स्थान हासिल किया। अंडर-13 लड़कों के वर्ग में बराड़ा के शुभम ने प्रथम तथा आराधना पब्लिक स्कूल रोहडू के सार्थक ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
अंडर-16 लड़कियों के एकल वर्ग में आराधना पब्लिक स्कूल की श्रेया ने प्रथम तथा रितिका ने दूसरा स्थान हासिल किया। लड़कियों के युगल मुकाबले में आराधना पब्लिक स्कूल की रीतिका व श्रेया ने प्रथम तथा ग्लोरी स्कूल की दिव्या व कोंपल ने दूसरा स्थान हासिल किया।
अंडर-16 लड़कों के एकल मुकाबले में आराधना स्कूल के सार्थक ने पहला तथा शुभम ने दूसरा स्थान हासिल किया। लड़कों के युगल मुकाबले में आराधना स्कूल के हिमांशु व अक्षय प्रथम तथा सार्थक व शिवांग दूसरे स्थान पर रहे।
लड़कों के वरिष्ठ वर्ग में जुब्बल के विशाल ने प्रथम तथा जुब्बल के ही हरीश ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। युगल मुकाबले में जुब्बल के विशाल व तुषार ने प्रथम तथा विजय धौहटा व हरीश ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता में सभी विजेता खिलाड़ियों को 35 हजार रुपये की राशि पुरस्कार के रूप में दी गई। इस मौके पर चंद्र दिल्टा, विजय धौटा, बलवंत झौहटा, अंजना ससराम्टा, दिग्विजय ठाकुर, कंवर दिल्टा सहित एसोसिएशन के सभी सदस्य उपस्थित रहे।
