बैडमिंटन प्रतियोगिता में जुटेंगी अंतरराष्ट्रीय प्रतिभाएं

पौड़ी। गढ़वाल बैडमिंटन एसोसिएशन की पहल पर पौड़ी के इंडोर स्टेडियम में आयोजित की जा रही सब जूनियर वर्ग के बालक बालिकाओं की 13वीं राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता की तैयारियां पूरी हो गई हैं। 22 अगस्त से शुरू हो रही प्रतियोगिता में चिराग सेन, लक्ष्य सेन, कुहु गर्ग, बोधित जोशी, वैभव चौहान समेत कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं।
इंडोर स्टेडियम में पत्रकारों से बातचीत में गढ़वाल बैडमिंटन एसोसिएशन पौड़ी के अध्यक्ष और डीएम चंद्रेश कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता में भागीदारी के लिए अल्मोड़ा, देहरादून, ऊधमसिंहनगर, बागेश्वर, नैनीताल, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार आदि जनपदों से 168 खिलाड़ियों की प्रविष्टियां आ चुकी हैं। प्रतियोगिता का उद्घाटन 22 अगस्त को गढ़वाल मंडल के आयुक्त डीएस गर्ब्याल करेंगे। आयोजक संस्था के सचिव गणेश नेगी ने कहा कि स्थानीय खेल प्रतिभाओं को इस प्रतियोगिता से सीखने को मिलेगा।

सिंथेटिक्स होंगे दो बैडमिंटन कोट
डीएम चंद्रेश कुमार यादव ने कहा कि इंडोर स्टेडियम के दो बैडमिंटन कोट को जल्द सिंथेटिक किया जाएगा। इसके लिए बजट की व्यवस्था की जा रही है। कंडोलिया स्थित बैडमिंटन हॉस्टल में सीटों को बढ़ाकर बीस करने के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा जा चुका है।

Related posts