बैजनाथ में बिजली बोर्ड के फंसे 87 लाख

बैजनाथ (कांगड़ा)। विद्युत बोर्ड के स्थानीय डिविजन के तहत 48 हजार उपभोक्ताओं ने विभाग के करीब 87 लाख रुपये दबा रखे हैं। लंबित राशि की उगाही के लिए बोर्ड पूर्व में नोटिस तक जारी कर चुका है लेकिन अदायगी न होने पर अब विभाग उपभोक्ताओं से सख्ती करने के मूड मेें है। डिविजन के तहत आने वाले पांच सब डिविजनों में से बैजनाथ सब डिविजन के 12 हजार उपभोक्ताओं से 3 लाख की राशि बकाया चल रही है। इनमें से घरेलू उपभोक्ताओं से 12 लाख, कामर्शियल से 11 लाख, स्वास्थ्य विभाग व पंचायत से सात-सात लाख की राशि बकाया है। पपरोला में साढ़े 10 हजार उपभोक्ताओं से करीब 34 लाख की राशि बकाया है। घरेलू व कामर्शियल उपभोक्ताओं से 8 लाख, पंचायत से 11 लाख व शेष राशि आयुर्वेदिक व एमईएस से लंबित है। कुदैल सब डिविजन में 6 हजार उपभोक्ताओं से तीन लाख की राशि बकाया है। पंचरुखी सब डिविजन के 10 हजार उपभोक्ताओं से करीब 8 लाख की राशि जबकि चढियार के 9 हजार उपभोक्ताओं से करीब 7 लाख की राशि बकाया है। अधिशासी अभियंता अश्वनी सूद ने बताया कि 25 मार्च तक लंबित राशि का भुगतान न होने की सूरत में डिफाल्टर उपभोक्ताओं की विद्युत आपूर्ति बंद कर दी जाएगी।

Related posts