बैकलॉग भर्ती में बुला लिए जनरल

धर्मशाला। शिक्षा विभाग की ओर से टीजीटी नॉन मेडिकल की बैकलॉग आधार पर आयोजित काउंसलिंग में मंगलवार को विभाग की बड़ी चूक देखने को मिली है। बैकलॉग आधार पर हो रही टीजीटी भर्ती में शिक्षा विभाग ने सामान्य श्रेणी के अभ्यर्थी को भी कॉल लेटर जारी कर दिया। मंगलवार को आयोजित काउंसलिंग मेें बनित राणा को भी बुलाया गया। जिसका लिस्ट में अंतिम नंबर था। उक्त अभ्यर्थी दोपहर बाद तक अपनी बारी का इंतजार करती रहीं। करीब डेढ़ बजे जब उनका नंबर आया तो अधिकारियों ने यह कहकर जाने को कह दिया कि वह तो सामान्य श्रेणी की हैं तथा काउंसलिंग बैकलॉग आधार पर हो रही है। जबकि, शिक्षा विभाग ने उक्त अभ्यर्थी को कॉल लेटर जारी किया हुआ था। अभ्यर्थी बनित राणा का कहना है कि वह सारा दिन इंटरव्यू के लिए इंतजार करती रहीं, लेकिन अंत में उन्हें यह कहकर बाहर भेज दिया गया कि वह सामान्य श्रेणी की हैं। उन्होंने विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि उनका इंटरव्यू नहीं होना था तो उसे क्यों बुला लिया गया। वहीं, शिक्षा उपनिदेशक भजन सिंह का कहना है कि अभ्यर्थी बैकलॉग आधार पर हो रही भर्ती के लिए योग्य नहीं थीं। वह सामान्य श्रेणी की थीं। जिसके चलते साक्षात्कार नहीं लिया गया। कॉल लेटर को लेकर उन्होंने कहा कि यह गलती से उन्हें चला गया। उधर, डीलिंग हैंड रविंद्र कुमार का कहना है कि अभ्यर्थी ने अपने आवेदन प्रपत्र पर अपनी श्रेणी नहीं लिखी थी। जिसके चलते यह चूक हुई है। अभ्यर्थी से मौका न छूट जाए, इसलिए विभाग ने बिना कैटेगिरी जाने ही उन्हें कॉल लेटर भेज दिया।

Related posts