
बैंक फ्रॉड और साइबर क्राइम से जुड़े हैं आरोपियों के तार!
पतलीकूहल (कुल्लू)। पर्यटन नगरी मनाली के समीप 15 मील में नशीले पदार्थ के साथ पकड़े गए तीनों विदेशी नागरिकों को पुलिस ने गिरफ्तार करने के बाद अदालत में पेश किया। अदालत ने नाइजीरियन मूल के तीनों आरोपियों को 14 अप्रैल तक पुलिस रिमांड में रखने के आदेश दिए हैं। रिमांड के दौरान पुलिस ने आरोपियों से कड़ी पूछताछ की है। जिसमें आरोपियों ने कई सनसनीखेज राज खोले हैं।
आरोपियों के पास पकड़ा गया एमडीएमए नामक नशीला पदार्थ काफी खतरनाक माना जाता है। पुलिस आरोपियों से पूछ रही है कि वीजा अवधि समाप्त होने के बावजूद भी आरोपी मनाली में किस मकसद से पहुंचे थे? वहीं अंतरराष्ट्रीय ड्रग माफिया से जुड़े इन आरोपियों से किसी स्थानीय व्यक्ति के संपर्क तो नहीं हैं? इस केस के सिलसिले में पुलिस ने नाइजीरिया दूतावास के माध्यम से आरोपियों के परिजनों से संपर्क करने की कोशिश की है। वहीं, अन्य राज्यों की पुलिस से भी उनके बारे में जानकारी ली जा रही है। डीएसपी संजय शर्मा ने बताया कि आरोपी आपस में अंग्रेजी के बजाए अपनी स्थानीय भाषा में बात करते हैं। जिसमें पुलिस ने बैंक फ्रॉड और साइबर क्राइम जैसे कुछ अंग्रेजी के शब्दों को पकड़ा है। जिसे देखकर पुलिस को आरोपियों के तार साइबर क्राइम और बैंक फ्रॉड से जुड़े होने की आशंका है। पुलिस इस केस से जुड़े कुछ रहस्यों से जल्द पर्दा उठाएगी।
क्या है एमडीएमए…..
– यह एक बहुत ही घातक केमिकल है। एक ग्राम एमडीएमए को पानी के गिलास में मिलाने से कुछ ही सेकेंड इसका नशा काफी गुणा बढ़ जाता है। इतना ही नहीं इसके ओवरडोज लेने पर कुछ ही पलों में सांसें भी उखड़ जाती हैं।
