बैंक कैश आफिसर के घर चोरी

काशीपुर। गिरीताल के बसंत विहार पॉश इलाके में दिनदहाड़े चोरों ने एक घर में धावा बोल नगदी समेत करीब साढ़े तीन लाख के जेवर चोरी कर ली। जब घर की मालकिन घर लौटी तो घर के ताले टूटे देख दंग रह गई। लोगों की सूचना पर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई।
शहर में चोरी, लूट समेत हत्या का क्राइम एकदम से बढ़ गया है। एक के बाद हो रही घटनाएं पुलिस के लिए चुनौती खड़ी कर रही है। बुधवार की दोपहर करीब तीन बजे बसंत विहार गिरीताल निवासी एसबीआई बैंक जसपुर में कैश ऑफिसर पद पर तैनात रवि मेहरोत्रा की पत्नी गीता मेहरोत्रा घर के पास ही एक परिचित के यहां कीर्तन में गई थी। जब वह करीब पांच बजे अपने एक परिचित के साथ वापस घर लौटी तो घर के दरवाजे के ताले टूटे देख दंग रह गई। जब उन्होंने अंदर जाकर देखा तो उनके होश उड़ गए। चोर दो कमरे में रखी लोहे की सेफ के ताले व एक कमरे की अलमारी में रखे सोने के जेवर चोरी कर ले गए। उनके शोर मचाने पर आसपास के लोग भी मौके पर आ गए।
गीता ने अपने पति रवि कुमार को फोन पर सूचना दी। जबकि लोगों ने आईटीआई पुलिस चौकी को घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का बारिकी से निरीक्षण किया। इधर सूचना पाकर घर पहुंचे रवि कुमार ने बताया कि चोर हजारों की नगदी समेत करीब साढ़े तीन लाख के जेवर चोरी कर ले गए।

Related posts