बैंक कर्मी के घर का ताला तोड़ लाखों के जेवर चोरी

शिमला। शहर में चोर बेखौफ हो गए हैं। शुक्रवार को जिस समय लक्कड़ बाजार पुलिस चौकी के बाहर कारोबारियों का प्रदर्शन चल रहा था, उसी समय चोरों ने पुलिस की ढील का फायदा उठाते हुए चैप्सली के समीप एक बैंक कर्मी के घर का ताला तोड़कर लाखों के जेवर चुरा लिए।
शिकायतकर्ता जगदीप सिंह निवासी सेट नंबर तीन बतरा हाउस चैप्सली लक्कड़ बाजार ने बताया कि वे स्टेट कोआपरेटिव बैंक की ठियोग शाखा में कार्यरत हैं और उनकी पत्नी बालूगंज स्कूल में शिक्षिका हैं। दोनों हर दिन की तरह सुबह नौ बजे घर पर ताला लगाकर ड्यूटी पर चले गए। दोपहर करीब सवा दो बजे जब उनकी पत्नी स्कूल से लौटीं तो घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। जब घर में रखे सामान की शिनाख्त की गई तो मालूम पड़ा कि घर से सोने की तीन चेन, दो चेन लाकेट सहित और नकदी गायब थी। पुलिस अधीक्षक अभिषेक दुल्लर ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Related posts