बेलदार ढो रहे साहब की फाइलें!

आनी (कुल्लू)। आईपीएच डिवीजन आनी में फील्ड स्टाफ को ऑफिस के काम पर लगा रखा है। जबकि, नियमानुसार फील्ड स्टॉफ को कार्यालय में तैनात नहीं किया जा सकता है। लेकिन, यहां पर सभी निमयों को ताक पर रख कर बेलदारों को दफ्तर में तैनात कर फाइलों को इधर से उधर ले जाने के लिए लगा रखा है। जबकि, दूसरी ओर फील्ड में स्टॉफ न होने के कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
आनी के आईपीएच डिवीजन में चतुर्थ श्रेणी के चार और सब डिवीजन में चतुर्थ श्रेणी के एक पद पर पहले से ही कर्मचारी तैनात हैं। लेकिन, इसके बावजूद आठ बेलदारों को फील्ड से हटाकर ऑफिस के काम पर लगा रखा है। भाजपा मंडल आनी के अध्यक्ष अमर ठाकुर का कहना है कि क्षेत्र में आए दिन फील्ड में कर्मचारी कम होने के कारण पानी आपूर्ति की समस्या पेश आ रही है। लेकिन, इसके बावजूद आईपीएच ने आठ लोगों को ऑफिस में काम पर लगा रखा है। आईपीएच एक्सईएन आनी एसपी लोहिया ने कहा कि कार्यालय में अधिक काम होने के कारण बेलदार कार्यालय में तैनात किए गए हैं। जबकि, नियुक्तियां ठेकेदार ने अपने काम के लिए की हैं। एसई आईपीएच कुल्लू आरके महाजन ने बताया कि मुझे कोई जानकारी नहीं है। इसके बारे में छानबीन की जाएगी।

Related posts