बेरोजगार हजारों में पर भत्ता सिर्फ 370 को

अल्मोड़ा। राज्य सरकार की बेरोजगार युवाओं को बेरोजगारी भत्ता देने की योजना काफी सुस्त गति से चल रही है। अल्मोड़ा जिले में सेवायोजन कार्यालय में पंजीकृत 63981 बेरोजगारों में से अब तक मात्र 370 युवाओं को ही बेरोजगारी भत्ते का लाभ मिल रहा है।
कांग्रेस ने चुनाव घोषणा पत्र में बेरोजगार युवाओं को बेरोजगार भत्ता देने की घोषणा की थी। कांग्रेस के सत्ता में आने के बाद योजना पर अमल शुरू हुआ। शासन ने राज्य स्थापना दिवस पर नौ नवंबर 2012 से रोजगार सह कौशल विकास भत्ता देने की योजना का शुभारंभ किया। योजना में 25 से 35 वर्ष की आयु के बेरोजगार युवाओं का सेवायोजन कार्यालय में चार साल पूर्व का पंजीकरण होना जरूरी है। 2.50 लाख रुपये वार्षिक आय वाले परिवारों के इंटरमीडिएट पास लाभार्थी को 500 रुपये, ग्रेजुएट युवाओं को 750 रुपये और पोस्ट ग्रेजुएट बेरोजगार को एक हजार रुपये प्रतिमाह बेरोजगार भत्ता दिया जाना है।
अल्मोड़ा जिले में योजना काफी धीमी गति से चल रही है। जिले में अल्मोड़ा और रानीखेत में दो सेवायोजन कार्यालय हैं। अल्मोड़ा कार्यालय में 24590 और रानीखेत में 39391 बेरोजगार पंजीकृत हैं लेकिन मात्र 370 युवाओं को ही योजना का लाभ मिल रहा है। इनमें अल्मोड़ा सेवा योजन केंद्र में पंजीकृत 250 और रानीखेत में 120 युवाओं को ही बेरोजगार भत्ता मिल रहा है। अल्मोड़ा के क्षेत्रीय सेवा योजन अधिकारी एलएस बिष्ट ने बताया कि कार्यालय से 472 बेरोजगार युवाओं ने फार्म प्राप्त किए लेकिन 250 युवाओं ने ही आवेदन जमा करवाए। इनमें से अप्रैल तक 234 और मई में 16 पात्र बेरोजगारों को मानक के अनुसार भत्ता दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आवेदन पत्र जमा करने वाले पात्र बेरोजगारों को शीघ्र ही भत्ता उपलब्ध कराया जा रहा है।

Related posts