
मंडी। भारत की जनवादी नौजवान सभा जिला इकाई की बैठक शुक्रवार को जिला उपाध्यक्ष गोपाल कृष्ण की अध्यक्षता में हुई। इसमें प्रदेश एवं यूपीए सरकार की युवा विरोधी नीतियों की निंदा की गई। जिला सचिव महेंद्र सिंह राणा ने कहा कि प्रदेश सरकार ने चुनाव से पूर्व युवाओं के लिए कई लुभावने वादे किए थे, लेकिन सत्ता में आने के बाद कांग्रेस सरकार ने कौशल विकास भत्ते के नाम पर प्रदेश के युवाओं से धोखा किया है। नौजवान सभा बेरोजगारी भत्ते के लिए संघर्ष करेगी। निर्णय लिया कि नौजवान सभा 27 सितंबर को भगत सिंह जयंती पर मंडी, करसोग, बालीचौकी और जोगिंद्रनगर में रक्तदान शिविर लगाएगी। वहीं, 25 अक्तूबर को मंडी में जिला स्तरीय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। महेंद्र सिंह ने कहा कि इन सम्मेलनों में नई कार्यकारिणी का गठन और आंदोलन की रूपरेखा बनाई जाएगी। 12 नवंबर को शिमला में आयोजित होने वाली रैली की तैयारियां भी की जाएंगी। इस मौके पर राज्य सचिव बलवीर पराशर, मीर चंद, भगत राम, हुकम वर्मा, किशोरी लाल, चेतन, अजय वैद्य, गोपाल कृष्ण, दिनेश सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
