
बेरीनाग। भाजपा की ब्लाक कार्यकारिणी ने त्रिस्तरीय पंचायत और लोकसभा चुनावों की तैयारियों का बिगुल फूंक दिया गया है। यहां हुई बैठक में 10 से 24 सितंबर तक का प्रस्तावित ‘घर घर चलो अभियान’ कार्यक्रम को न्याय पंचायत स्तर से संचालित करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में बोलते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष खुशाल भंडारी ने कहा कि महंगाई और सरकार की जन विरोधी नीतियों ने जनता का जीना मुहाल कर दिया है। लोगों ने इस निकम्मी सरकार को उखाड़ने का मन बना लिया है। इसीलिए कार्यकर्ताओं को जनता की भावनाओं की कद्र कर चुनावों की तैयारियों में जुटना होगा। बैठक की अध्यक्षता करते हुए भाजपा ब्लाक अध्यक्ष महेश पंत ने कहा कि ‘घर घर चलो अभियान’ कार्यक्रम में मंडल के प्रत्येक घर में पहुंचने के लक्ष्य को पूरा किया जाएगा। कार्यक्रम का संचालन ब्लाक महामंत्री नरेंद्र रौतेला और त्रिलोक खाती ने किया। कार्यक्रम में भाजयुमो ब्लाक अध्यक्ष इंद्र धानिक, चंद्र राम, माधो सिंह, सुरेंद्र पांगती आदि मौजूद थे।
