
कोटली (मंडी)। तुंगल घाटी की ग्राम पंचायत सुराड़ी के धरवाल्ड़ी गांव में बेटे की शादी के लिए घर में रखी हजारों की नकदी के अलावा करीब एक लाख के गहने चुराने की घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस को अभी तक चोरों के बारे में ठोस सबूत नहीं मिले हैं। धरवाल्ड़ी गांव में गत मंगलवार को चोरों ने दुनी चंद के घर में दिनदिहाड़े सेंध लगा कर पचास हजार की नकदी और करीब एक लाख के गहने चुरा लिए थे। क्षेत्र में दिन-ब-दिन बढ़ रही चोरी की वारदातों से लोगों का घर अकेले छोड़कर खेतों में काम करना मुश्किल हो गया है। दुनी चंद के घर में हुई चोरी की वारदात के समय घर पर कोई नहीं था। दुनी चंद का कहना है कि घर में करीब पचास हजार रुपये की नकदी और एक लाख के गहने बड़े बेटे कमल की शादी को रखे थे। अक्तूबर माह में बेटे की शादी है। चोरी के मामले में परिवार के सदस्यों ने किसी भी व्यक्ति पर शक जाहिर नहीं किया है। मामले की जांच कर रही पुलिस को अभी तक चोरों के बारे में पुख्ता सबूत नहीं मिले हैं। सदर थाना के एएसआई नरेश कुमार ने बताया कि परिवार के सदस्यों ने चोरी मामले में किसी पर शक नहीं जताया है। पुलिस मामले की गहन छानबीन कर रही है। पंचायत उपप्रधान तेज सिंह, महिला मंडल प्रधान दमा देवी ने पुलिस से चोरों को शीघ्र पकड़ने की मांग की है। तुंगल विकास संघर्ष समिति के अध्यक्ष पंकज शर्मा ने सरकार से कोटली में पुलिस थाना खोलने का आग्रह किया है, ताकि आपराधिक वारदातों पर अंकुश लगाया जा सके।
