‘बेटी है अनमोल’ नाटिका ने बटोरी वाहवाही

नाहन (सिरमौर)। सीनियर सेकेंडरी स्कूल कालाअंब ने रविवार को वार्षिक समारोह मनाया। स्कूल परिसर में आयोजित समारोह में स्कूली बच्चों की ओर से कई सांस्कृतिक कार्यक्रम करवाए गए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एसएमसी प्रधान रणबीर सिंह रहे। उन्होंने मां सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर दीप जलाया। स्कूल के प्रधानाचार्य राज कुमार शर्मा ने समारोह में पहुंच कर सभी गणमान्य लोगों का स्वागत किया।
बच्चों ने स्वागत गीत से उपस्थित लोगों का अभिनंदन किया। दसवीं कक्षा के छात्रों ने पंडाल में खूबसूरत नाटी डाल कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके अलावा छात्र छात्राओं ने भंगड़ा, डांडिया और देश भक्ति पर कई कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इस दौरान स्काउट एंड गाइड छात्रों की ओर से पेश की गई लघु नाटिका बेटी है अनमोल सभी ने सराही। समारोह के दौरान रविंद्र कुमार को सर्वश्रेष्ठ छात्र तो सुमन को सर्वश्रेष्ठ छात्रा का पुरस्कार दिया गया। प्रधानाचार्य राजकुमार शर्मा ने स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट पढ़ी। पुरस्कार पाने वाले मेधावी बच्चों में मोनिका स्याल, सोनी कुमारी, ज्योति तिवारी, बादल, रूपेश कुमार शामिल थे। कार्यक्रम में सुमन कश्यप, शहनाज बेग, भारती चौहान, शीतल, सुषमा अत्री, दीपा, सोनिया अग्रवाल, तरुण, सुनीता, आशा, नवीन शर्मा अमित तथा ओंकार आदि मौजूद थे।

Related posts