
बद्दी (सोलन)। बीबीएन में 16वीं लोकसभा चुनाव के लिए मतदान करने बेखौफ होकर जाएं। पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। बीबीएन क्षेत्र में सुरक्षा का जिम्मा पैरा मिलिट्री फोर्स के 252, पुलिस के 271 तथा 175 होमगार्ड के जवानों संभाल रहे हैं। सीमा से वाहनों को गहन तलाशी के बाद गुजारा जा रहा है। सुरक्षा कर्मी संदिग्ध लोगों से कड़ी पूछताछ कर रहे हैं।
बीबीएन में हरियाणा और पंजाब की सीमा के साथ 12 स्थानों पर पैरा मिलिट्री फोर्स के जवानों को तैनात किया है। इसके लिए सीमा के साथ पैरा मिलिट्री के जवान लगातार गश्त कर रहे हैं। सीमा के साथ लगते बैरियर बरोटीवाला, बद्दी, दभोटा, ढेरोंवाला, गोरखनाथ, कालूझिंडा आदि स्थानों पर भी पैरा मिलिट्री के जवान ड्यूटी दे रहे हैं।
चार सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात
बद्दी। अधिकारियों के अनुसार 12 स्थानों पर पैरा मिलिट्री फोर्स की सेक्शन लगाई गई है। एक सेक्शन में 10 जवानों को तैनात किया गया है। इसके अलावा चार (त्वरित कार्यवाही दल) क्यूआरटी टीमों को तैनात किया गया है। चुनाव को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए एएसपी निश्चिंत नेगी और बद्दी के डीएसपी नरेंद्र कुमार बतौर ऑब्जर्वर निगरानी रखेंगे। चार सेक्टर मजिस्ट्रेट और 18 सेक्टर आफिसर तैनात किए गए हैं।
इस तरह होगी सुरक्षा व्यवस्था
बद्दी। अति संवेदनशील बूथ पर पांच पैरा मिलिट्री फोर्स के जवान के साथ एक होमगार्ड जवान तैनात किया गया है। जबकि संवेदनशील बूथ पर एक पुलिस के एएसआई, दो आरक्षी तथा एक गृह रक्षक को तैनात किया गया है। सामान्य बूथ पर एक पुलिस कर्मी के साथ एक होमगार्ड का जवान तैनात रहेगा।
कोट
हिमाचल की सीमा के साथ लगते पंजाब और हरियाणा की सीमा को सील कर दिया गया है। क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम अधिनस्त अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखी जा रही है। खुद भी निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया जाएगा।
अरुल कुमार, एसपी बद्दी
