
चंबा । अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के सुरेंद्र मनकोटिया गुट ने जिला इकाई का चुनाव स्थानीय सर्किट हाउस में करवाया। चुनाव रिटर्निंग आफिसर राम सिंह व एआरओ पवन मरोल की अध्यक्षता में हुए। इसमें सर्वसहमति से बृज मोहन बेदी को महासंघ का जिला अध्यक्ष चुना गया। नवनिर्वाचित अध्यक्ष को रिर्टनिंग कमेटी ने जिला कार्यकारिणी के विस्तार की भी जिम्मेदारी सौंप दी है। इस मौके पर कर्मचारी महासंघ की शहरी इकाई की कार्यकारिणी के भी चुनाव आयोजित किए गए।
इसमें नगेंद्र गुप्ता को शहरी इकाई का अध्यक्ष व राजेंद्र कुमार को महासचिव चुना गया। नवनिर्वाचित अध्यक्ष बृज मोहन ने बेदी ने अध्यक्ष चुनने के लिए सभी कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे सुरेंद्र मनकोटिया गुट को समर्थन करेंगे। उन्होंने जिला में चल रही महासंघ के दूसरे गुट के अध्यक्ष सतपाल ठाकुर पर अपनी मर्जी से ब्लाक स्तर पर चुनाव करवाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जिला के समस्त कर्मचारी सतपाल ठाकुर से निराश हैं। उन्होंने अभी तक कर्मचारी हित में कोई काम नहीं किया है। वे महासंघ के जिलाध्यक्ष बनकर अपने हित साध रहे हैं। बृज मोहन बेदी ने कहा कि कर्मचारियों के हितों से खिलवाड़ करने वाले नेताओं को स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने जिला के समस्त कर्मचारियों से आग्रह किया है कि वे उनके साथ आएं। वह कर्मचारियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलेंगे और कर्मचारियों की मांगों को हल करवाएंगे। इस मौके पर काफी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।
